Pal Pal India

ऐलनाबाद हलके से ही लड़ूंगा चुनाव : अभय सिंह चौटाला कहा , जनता के आशीर्वाद से इनेलो होगी सत्तासीन

 
ऐलनाबाद हलके से ही लड़ूंगा चुनाव : अभय सिंह चौटाला कहा , जनता के आशीर्वाद से इनेलो होगी सत्तासीन

 23 जून सिरसा

सिरसा | इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला
ने कहा कि वे आगामी विधानसभा चुनाव ऐलनाबाद से ही लड़ेंगे क्योंकि यहां
के मतदाताओं का उन पर काफी एहसान है | वे रविवार को डबवाली रोड स्थित
इनेलो जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की
बैठक को संबोधित कर रहे थे | उन्होंने कहा कि कांग्रेस व कुछ अन्य
राजनीतिक दल यह झूठा प्रचार कर रहे हैं कि वे आगामी विधानसभा चुनाव
ऐलनाबाद हलके से नहीं लड़ेंगे | इनेलो नेता ने कहा कि इनेलो लोकसभा चुनाव
हारी है मगर हौसला नहीं हारी | इनेलो कार्यकर्ताओं ने मजबूती से चुनाव
लड़ा जिसके दूरगामी परिणाम आएंगे | उन्होंने कहा कि इनेलो ने सदैव
हरियाणा के हितों की लड़ाई लड़ी है और भविष्य में भी लड़ेंगे | उन्होंने
कहा कि आज महंगाई बढ़ रही है और किसानों के हित के लिए स्वामीनाथन आयोग
की रिपोर्ट भी लागू नहीं की जा रही | इनेलो नेता ने कहा कि कांग्रेस
मजबूत नहीं है और विधानसभा चुनाव आते आते इसके कई नेता अन्य राजनीतिक
दलों में शामिल हो जाएंगे | टिकट वितरण के समय ही सिरसा में अनेक
कांग्रेस नेता अन्य दलों में शामिल होंगे और कांग्रेस पिता - पुत्र की
पार्टी बन कर रह जाएगी | अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा में चाबी पूरी तरह
से गुम हो गई है और लोगों को इनेलो पर ही भरोसा बचा है | आगामी विधानसभा
चुनाव में चौधरी देवी लाल की नीतियों पर चलते हुए इनेलो सत्तासीन होगी |
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से विधानसभा चुनाव की
तैयारी शुरू कर दें | इनेलो नेता ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा बीजेपी
से मिलकर राज्यसभा चुनाव करवाने से बच रहे हैं | उन्होंने कहा कि
कांग्रेस में किरण चौधरी की अनदेखी के कारण ही उन्होंने पार्टी छोड़ी |
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा के नेतृत्व में एक कमेटी बनाई गई है जो
हरियाणा के अन्य छोटे छोटे राजनीतिक दलों से मिलकर संगठन बनाएगी और चुनाव
लड़ेगी | उन्होंने कहा कि भविष्य में पार्टी की हलका स्तरीय बैठकें भी की
जाएंगी | अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यमुनानगर से दिलबाग सिंह, रादौर से
श्याम सिंह राणा, बहादुरगढ़ से स्व. नफे सिंह राठी के परिवार से, ऐलनाबाद
से वे स्वयं तथा महेंद्रगढ़ से सुरेंद्र कौशिक का इनेलो से चुनाव लड़ना
सुनिश्चित किया गया है | इससे पूर्व इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन
चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद लोहान व
सिरसा से लोकसभा प्रत्याशी रहे संदीप लोट ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित
किया | इस अवसर पर धर्मवीर नैन, विनोद अरोड़ा, गुरविंदर सिंह सरपंच, नैना
झोरड़, सुभाष नैन, जसविंदर बिंदु, महावीर शर्मा, जसवीर सिंह जस्सा,
गुरप्रीत सिंह गिल, संदीप चौधरी, अशोक ब्यूटी, महेंद्र बाना व विनय
श्योराण सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे |