Pal Pal India

फतेहाबाद में हादसे में 2 युवकों की मौत

 
फतेहाबाद में हादसे में 2 युवकों की मौत

 फतेहाबाद,  27 जनवरी। फतेहाबाद में शुक्रवार देर रात बाईपास पर हांसपुर कट के पास एक सडक़ दुर्घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मोबाइल कंपनी में काम करते थे। इसलिए शनिवार को शोक स्वरूप शहर की सारी मोबाइल मार्केट बंद रही। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार शहर के विचार आश्रम मंदिर क्षेत्र का रहने वाला अल्फ्रेड (30 साल) व गांव धिड़ का पवन (24 साल) एक मोबाइल कंपनी में प्रमोटर का काम करते थे। दोनों के पास फतेहाबाद व सिरसा जिलों का चार्ज था। बताया जा रहा है कि कल दोनों बाइक पर काम के सिलसिले में सिरसा गए हुए थे। देर रात को दोनों वापस लौट रहे थे। हांसपुर कट से कुछ पहले ही दोनों की बाइक डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।  अभी यह नहीं पता चला पाया है कि हादसा कैसे हुआ। क्या किसी अज्ञात वाहन की साइड लगने से बाइक डिवाइडर से टकराई। पता नहीं चल पाया है। सूचना पाकर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तो पवन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि अल्फ्रेड को घायल अवस्था में फतेहाबाद से हिसार रेफर कर दिया गया। जहां शनिवार तडक़े 4 बजे उसने भी दम तोड़ दिया।