Pal Pal India

सूरजकुंड हादसे में एजेंसी संचालक सहित दो लोग गिरफ्तार, सरकार ने बनाई जांच कमेटी

 एडीसी फरीदाबाद की अध्यक्षता वाली कमेटी करेगी जांचपुलिस ने जांच के लिए किया एसआईटी का गठन
 
  सूरजकुंड हादसे में एजेंसी संचालक सहित दो लोग गिरफ्तार, सरकार ने बनाई जांच कमेटी
फरीदाबाद, 08 फरवरी  अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में शनिवार को सुनामी झूला गिरने से हुए हुए हादसे में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने झूला एजेंसी के संचालक समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। उधर हरियाणा सरकार ने रविवाार को इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है। झूला गिरने से हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई थी जबकि एक दर्जन लोग घायल हुए थे।हादसे के बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हिमाचल फन फेयर एजेंसी के संचालक और उसके स्टाफ पर लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज किया। एजेंसी के संचालक हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर निवासी मोहम्मद शाकिर व नितेश निवासी धर्मपुरी सदर मेरठ कैंट उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना सूरजकुंड पुलिस ने फरीदाबाद पुलिस के एएसआई सन्नी की तरफ से हिमाचल फन फेयर एजेंसी के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सरकार की ओर से एडीसी की अध्यक्षता वाली कमेटी इस पूरे मामले की जांच करेगी। फरीदाबाद के एडीसी सतबीर सिंह इस कमेटी के इंचार्ज होंगे। इसके अलावा डीसीपी मकसूद अहमद, वाईएमसीए विवि फरीदाबाद के मैकेनिक्ल विभाग के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, सिंचाई विभाग के एक्शियन हितेश कुमार तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एक्शियन अश्वनी गौड़ को जांच कमेटी में शामिल किया गया है।दूसरी तरफ फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने भी मामले की जांच को लेकर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया है। इसमें एसीपी वरुण दाहिया को इंचार्ज बनाया गया है जबकि फरीदाबाद क्राइम ब्रांच एनआईटी और सूरजकुंड थाना से सब इंस्पेक्टर को शामिल किया गया है। टीम द्वारा सभी पहलुओं के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।