Pal Pal India

राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होंगे हरियाणा पुलिस के दो अधिकारी


एक अधिकारी को गेलंट्री मेडल व छह अन्य को मिला पुलिस पदक 
 
  राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होंगे हरियाणा पुलिस के दो अधिकारी
चंडीगढ, 25 जनवरी  गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के दो पुलिस अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा, जबकि एक पुलिस अधिकारी को गैलेंट्री मेडल तथा छह अन्य पुलिस कर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया जाएगा।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि पुलिस मुख्यालय पर कार्यरत पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) सजंय कुमार तथा दक्षिणी हरियाणा के रेवाड़ी रेंज में कार्यरत पुलिस महानिरीक्षक राजेन्द्र कुमार को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा हरियाणा पुलिस अकादमी के डीएसपी प्रदीप कुमार को सराहनीय सेवाओं के लिए गेलंट्री मेडल से नवाजा जाएगा। सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अन्य अधिकारियों में स्टेट क्राइम ब्यूरो हरियाणा के निरीक्षक राजेन्द्र, उप निरीक्षक सीआईडी हरियाणा गुनपाल सिंह, उप निरीक्षक पीटीसी सुनारिया रविन्द्र, सहायक उप निरीक्षक अंबाला कविता देवी, सहायक उप निरीक्षक सीआईडी हरियाणा नरेन्द्र कुमार तथा सहायक उप निरीक्षक पंचकूला विजेन्द्र सिंह शामिल हैं।
पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों व जवानों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि हरियाणा पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के अथक एवं निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान समस्त पुलिस बल के लिए गौरव का विषय है।