Pal Pal India

20 लाख चालानों के बावजूद नहीं रुका ट्रैफिक रूल वायलेंस

 
20 लाख चालानों के बावजूद नहीं रुका ट्रैफिक रूल वायलेंस
राजकमल कटारिया
सिरसा, 7 फरवरी। शांत से शहर सिरसा की चाल बदल रही है। ट्रैफिक रूल को वायलेंस करने वालों पर किसी का जोर नहीं। हर रोज सैंकड़ों छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं में चोट खाते लोगों को लगता है कि जान की परवाह ही नहीं है। इतनी तेज रफ्तार से लोग वाहन चलाते हैं कि देखने वाले का कलेजा मुंह को आ जाए। 
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज प्रदेश में ट्रेफिक रूल लागू करने की बात करते हैं मगर हालात ये हैं कि हरियाणा में लेन ड्राइविंग वायलेंस के 2022 में 1 लाख 81 हजार 701 चालान हुए वहीं 82058 चालान हेलमेट न पहनने वालों के किए गए। पुलिस ने 2365 सडक़ दुर्घटनाएं अटेंड की और 1476 लोगों को अस्पतालों में भिजवाया। 
ट्रैफिक रूल फॉलो न करने में अधिकतर युवाओं की संख्या है। हाइवे और चौक पर तो लोग जैसे आपा ही खो देते हैं। जल्दी निकलने के प्रयास में वे कब किसे रौंद दें, कहा नहीं जा सकता। पैदल चलने वालों के लिए मुसीबत और बड़ी है क्योंकि पैदल चलने का रास्ता किसी सडक़ पर भी नहीं है। 
ई-रिक्शाओं की बाढ़
शहर में हजारों की संख्या में ई-रिक्शा की बाढ़ आई हुई है। हर रोज नए ई-रिक्शा और निकल रहे हैं जिसके चलते हर सडक़ पर अनेक रिक्शा घूमते रहते हैं। इनकी वजह से भी सडक़ दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। छोटे स्कूटी और बाइक चलाने वाले युवा चालकों का ब्रेक पर तो ध्यान ही नहीं, वे केवल रेस पर ही ध्यान रखते हैं। 
आपस में होते हैं झगड़े
वाहनों के आपस में टकराने के कारण कई बार झगड़े होते हैं। सिरसा में ही अनेक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें कीमती जानें जा चुकी हैं मगर एक हादसा देखने के बाद उससे कोई सबक लेना ही नहीं चाहता। घरों से बाइक निकलते हैं तो मां-बाप की चिंता बढ़ जाती है कि बच्चा किसी हादसे का शिकार न हो जाए। सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवर स्पीड पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है और इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को अपनी सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता है।