Pal Pal India

शमशान भूमि की दीवार गिरने से हुए हादसे को लेकर लगाया जाम

 
अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्से में लोग
 
   शमशान भूमि की दीवार गिरने से हुए हादसे को लेकर लगाया जाम
 पुलिस ने इस हादसे में शमशान भूमि सुधार समिति प्रबंधन पर की है एफआईआर
गुरुग्राम, 21 अप्रैल  मदनपुरी शमशान घाट की दीवार अर्जुन नगर की तरफ गली में गिरने से दो बच्चियों समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत को लेकर परिजनों व क्षेत्र के लोगों ने रविवार को पटौदी चौक पर जाम लगाया। गुस्साए लोग इस बात से नाराज थे कि अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर पाई है। पुलिस ने शाम तक गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।
बता दें कि शनिवार की देर शाम यहां मदनपुरी शमशान घाट की दीवार पीछे लगी में गिर गई थी। इस दीवार के मलबे में दो बच्चियां व कुछ लोग दब गए थे। दीवार गिरने के धमाके की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर भागे। दीवार के मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने का काम शुरू किया गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिक मौके पर पहुंचे। मलबे में दबे लोगों को पूरी सावधानी से निकाला गया, ताकि अगर कोई जिवित है तो उसको बचाया जा सके। पुलिस चौकी अर्जुन नगर से घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में 2 बच्चियों समेत 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतकों की पहचान तान्या (11) पुत्री विनोद निवासी वीर नगर, देवीदयाल (70) उर्फ पप्पू निवासी अर्जुन नगर, मनोज गाबा (54) निवासी अर्जुन नगर, कृष्ण कुमार (52) निवासी अर्जुन नगर के अलावा बच्ची खुशबू पुत्री सुनील कुमार निवासी वीर नगर की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दिलीप कुमार उर्फ दीपा प्रधान निवासी अर्जुन नगर घायल हो गए। घायल दिलीप कुमार की शिकायत पर थाना न्यू कॉलोनी में शमशान भूमि सुधार समिति प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि शमशान घाट की दीवार को लेकर लापरवाही क्यों बरती जा रही थी।
इस घटना के बाद पुलिस ने शमशान घाट प्रबंधन पर एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की। इसी से गुस्साए लोागों ने पटौदी चौक पर जाम लगाया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने कहा कि यहां लोग जाम लगा रहे हैं। पुलिस यहां पर व्यस्त है। जाम लगा रहे लोगों ने पुलिस अधिकारी से कहा कि आरोपी अभी तक गिरफ्तार क्यों नहीं किए तो पुलिस अधिकारी ने कहा गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। शाम तक गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। पीडि़त मनोज ने कहा कि प्रशासन से मांग है कि जब तक बच्चों को इंसाफ नहीं मिल जाता, जाम नहीं खोलेंगे। आरोपियों की गिरफ्तारी तुरंत हो। दो घंटे तक जाम लगाने के बाद पुलिस की ओर से शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला।