Pal Pal India

टोहाना में अतिक्रमण हटाने पर व्यापार मंडल का विरोध

 
 टोहाना में अतिक्रमण हटाने पर व्यापार मंडल का विरोध

 फतेहाबाद, 4 अक्टूबर  हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में 27 सितंबर को नगर परिषद की तोड़फोड़ कार्रवाई के खिलाफ व्यापार मंडल ने सख्त रुख अपनाया है। बिना लिखित नोटिस के दुकानों के शेड गिराने, बिजली मीटर तोड़ने और सामान बिखेरने के आरोप लगाते हुए मंडल ने डीजीपी, डीआईजी हिसार रेंज, एसपी फतेहाबाद और थाना शहर टोहाना के एसएचओ को पत्र लिखा है। मंडल ने प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक नुकसान का मुआवजा और अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने शनिवार को बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बिना किसी लिखित नोटिस, आदेश अथवा लीगल प्रोसिजर का पालन किए नेहरू मार्केट तथा कंवर सैन गुप्ता चौक, टोहाना स्थित कई व्यापारियों की दुकानों के ऊपर लगे शेडों को जबरन जेसीबी मशीन के माध्यम से गिरा दिया गया। यह कार्रवाई न केवल बिना किसी वैधानिक सूचना के की गई, बल्कि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने नागरिकों की कोई सुनवाई नहीं की। इस दौरान दुकानदारों की दुकानों को गंभीर आर्थिक नुकसान पहुंचा और उनके बिजली मीटर टूट गए। कई दुकानों के शटर क्षतिग्रस्त हो गए तथा सामान बिखर गया। व्यापार मंडल ने कहा कि यह पूरी कार्रवाई अवैध, मनमानी और संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों का उल्लंघन है। अधिकारियों द्वारा बिना नोटिस और बिना उचित प्रक्रिया अपनाए किया गया यह कृत्य अपराध है। व्यापार मंडल ने पुलिस अधिकारियों से संबंधित अधिकारियों पर संपत्ति को जानबूझ कर नुकसान पहुंचाने, अवैध बल प्रयोग या अधिकारों का दुरूपयोग करने, बिना अधिकारी किसी व्यक्ति की संपत्ति या परिसर में प्रवेश करने, नागरिकों को आर्थिक क्षति पहुंचाने के आरोप में कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। इसके अलावा व्यापार मंडल ने प्रभावित दुकानदारों को हुए आर्थिक नुकसान का मुआवजा दिए जाने की भी मांग की है।