Pal Pal India

पर्यटन स्थलों को डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए तैयार करेगा पर्यटन विभाग

 पीपीपी मोड पर चलेंगे राज्य के पांच टूरिस्ट कांप्लेक्स
 
  पर्यटन स्थलों को डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए तैयार करेगा पर्यटन विभाग
चंडीगढ़, 21 अप्रैल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है प्रदेश के पर्यटन स्थलों को पिंजौर गार्डन की तर्ज पर डेस्टिनेशन वेडिंग के तौर पर विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा फेस्टिवल का आयोजन करने और प्रदेश का पर्यटन कैलेंडर जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को विरासत व पयर्टन विभाग की समीक्षा बैठक काे संबाेधित कर रहे धाे। बैठक में विरासत व पर्यटन मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा व विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा मानवीय सभ्यता की ऐतिहासिक धरोहर संजाए हुए है। इस सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों को विकसित करते हुए हम हरियाणा को दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर ले जा सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों को पिंजौर गार्डन की तर्ज डेस्टिनेशन वेडिंग के तौर पर विकसित किया जाए। सूरजकुण्ड अंतरराष्ट्रीय मेले को साल में दो बार आयोजित करने को लेकर भी बैठक में अधिकारियों ने रोड मैप पेश किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जोर देते हुए कहा कि हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा फेस्टिवल का आयोजन किया जाए। उन्होंने प्रदेश की सभी ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि हमारी युवा पीढी को हमारे पुराने इतिहास और संस्कृति से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि युवा, विशेषकर विद्यार्थियों को इन स्थलों पर लेकर जाने व पूरी जानकारी देने की व्यवस्था की जाए।
प्रदेश के पांच टूरिस्ट काम्प्लेक्सों को पीपीपी मोड़ पर चलाने के लिए निर्देश दिए। विभाग इसकी योजना तैयार कर रहा है।
इस अवसर पर राज्य ओ
विरासत व पर्यटन मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने बताया कि विभाग ने हरियाणा का अपना पर्यटन कैलेंडर तैयार किया गया है। इस पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों को शामिल करते हुए शीघ्र जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को प्रदेश में पर्यटन के अधिक अवसर और आवासीय सुविधा मिले, इसके लिए होम स्टे, फार्म स्टे की संख्या बढाने पर भी चर्चा हुई है।
डाॅ शर्मा ने कहा कि होटल मैनेजमेंट में अलग-अलग कोर्स कर रहे युवाओं को टूरिस्ट काम्प्लेक्सों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्हें एचकेआरएन के माध्यम से रोजगार अवसर दिए जाएंगे। प्रदेश में होटल मैनेजमेंट कोर्सों में युवाओं को एडमिशन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
विरासत व पर्यटन मंत्री डाॅ शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा को दुनिया के मानचित्र पर लेकर जाने के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है। इस अवसर पर विरासत व पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव कला रामचंद्रन, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव, पर्यटन विभाग के निदेशक व विशेष सचिव डाॅ शालीन, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक अमित खत्री, हरियाणा पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक डाॅ सुनील कुमार भी बैठक में उपस्थित रहे।