Pal Pal India

आज देश भयंकर तानाशाही के दौर से गुजर रहा: संजय सिंह

 
  आज देश भयंकर तानाशाही के दौर से गुजर रहा: संजय सिंह
 कुरुक्षेत्र, 30 अप्रैल।  आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह मंगलवार को कुरुक्षेत्र में आम आदमी पार्टी के इंडिया गठबंधन के तहत प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता के समर्थन प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रेस वार्ता की। उन्होंने बीजेपी की तानाशाही पर जमकर निशाना साधा। उनके साथ वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा, पूर्व मंत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष बलबीर सैनी, लोकसभा अध्यक्ष सुमित हिंदुस्तानी, जिला अध्यक्ष विशाल खुब्बड़ मौजूद रहे। इस दौरान लाडवा के समाजसेवी और पीपली ब्लॉक समिति के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह चीमा आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। सांसद संजय सिंह ने कहा कि देश भयंकर तानाशाही के दौर से गुजर रहा है। हरियाणा का एक लाल निकला जिससे आईआईटी की पढ़ाई की और आईआरएस की नौकरी को लात मारकर देश सेवा का संकल्प लिया। उस हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता ने एक बार नहीं बल्कि तीन बार मुख्यमंत्री बनाया। उन्होंने केवल हिंदुस्तान में ही नहीं पूरी दुनिया में अपने काम से अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया कि सरकार ऐसे चलाई जाती है। जहां सरकारी स्कूलों में मकड़ी के जाले लगे रहते थे आज वहां दिल्ली के स्कूलों में एयर कंडीशनर कमरे बने हुए हैं, एथलेटिक ग्राउंड, हॉकी ग्राउंड बने हुए हैं और उस व्यक्ति ने मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल दिया। फरिश्ते स्कीम लेकर आए, बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा कराई, महिलाओं के बस यात्रा मुफ्त की और 1000 रुपए प्रति महीना आर्थिक सहायता की योजना लेकर आए। अरविंद केजरीवाल देश के पहले मुख्यमंत्री है जिसने बिजली और पानी मुफ्त का सपना सच करके दिखाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लाल अरविंद केजरीवाल का गुनाह केवल इतना है कि वो लोगों के लिए सोचता है और लोगों के लिए काम करता है। उस तीन बार के मुख्यमंत्री को बीजेपी ने जेल में डाल दिया, ये तानाशाही नहीं तो क्या है। आज पूरे देश के लोगों में इस बात को लेकर गुस्सा है कि जो व्यक्ति शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली-पानी पर काम कर रहा था उसको प्रधानमंत्री मोदी ने जेल में डाल दिया। राजस्थान के चुनाव में व्यापारी समाज के लोगों ने संकल्प लेकर कहा कि हमारे समाज का एक ही व्यक्ति थे जो दिल्ली के मुख्यमंत्री थे उसे भी पकडक़र जेल में डाल दिया।