Pal Pal India

श्मशान भूमि सुधार समिति के प्रधान समेत तीन गिरफ्तार, पूछताछ जारी

 
 श्मशान भूमि सुधार समिति के प्रधान समेत तीन गिरफ्तार, पूछताछ जारी
गुरुग्राम, 22 अप्रैल  यहां वीर नगर (मदनपुरी) स्थित श्मशान घाट की अर्जुन नगर की तरफ की 20 अप्रैल को दीवार गिरने से दीवार के पास बैठे 3 व्यक्तियों व 2 बच्चियों की दीवार के नीचे दबने से मौत के मामले में पुलिस ने श्मशान भूमि सुधार समिति के प्रधान समेत तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इस हादसे में दिलीप कुमार घायल हुआ था। जिसके बयान पर ही पुलिस ने केस दर्ज किया है।
इस हादसे में श्मशान भूमि सुधार समिति के खिलाफ केस तो पुलिस ने दर्ज कर लिया था, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की गई थी। इस विरोध में रविवार को परिजनों व क्षेत्र के लोगों ने पटौदी चौक पर जाम लगाया था। पुलिस ने रविवार शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही थी। देर रात तीन आरोपियों को काबू कर लिया गया। आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह ओबेरॉय निवासी न्यू कॉलोनी गुरुग्राम (प्रधान), सुभाष चंद खरबंदा निवासी शिवाजी नगर गुरुग्राम (सेक्रेटरी) व कृष्ण कुमार निवासी सेक्टर-15 पार्ट-2 गुरुग्राम (सदस्य) के रूप में हुई। तीनों आरोपी क्रमश: श्मशान भूमि सुधार समिति प्रधान, सेके्रटरी तथा सदस्य हैं।
घायल दिलीप कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि उन्होंने शमशान भूमि सुधार समिति के सदस्यों को दीवार टेढ़ी होने के संबंध में जानकारी दी थी। दीवार को ठीक कराने के लिए कहा था, लेकिन श्मशान भूमि सुधार समिति के सदस्यों ने इस संबंध में कोई ध्यान नहीं दिया। उनकी लापरवाही से यह हादसा हुआ। इस हादसे में तान्या पुत्री विनोद निवासी वीर नगर, देवीदयाल उर्फ पप्पू निवासी अर्जुन नगर, मनोज गाबा निवासी अर्जुन नगर, कृष्ण कुमार निवासी अर्जुन नगर , व खुशबू पुत्री सुनील कुमार निवासी वीर नगर की मृत्यु हो गई थी।