Pal Pal India

राजस्व विभाग की लापरवाही से हजारों किसान मुआवजे से वंचित: जसवीर सिंह जस्सा

 
कहा, दोषी अधिकारियों के खिलाफ हो विभागीय कार्रवाई, फिर जारी हो मुआवजा राशि
 
  राजस्व विभाग की लापरवाही से हजारों किसान मुआवजे से वंचित: जसवीर सिंह जस्सा
सिरसा। इंडियन नेशनल लोकदल की प्रदेश कार्यकारिणी के वरिष्ठ सदस्य जसवीर
सिंह जस्सा ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण
जिले के हजारों किसानों को मुआवजा न मिलने की चपत लगी है, जिसके लिए दोषी
अधिकारियों को दंडित किया जाना आवश्यक है। रविवार को जारी बयान में
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जिले के हजारों किसानों की वर्ष 2020 में
खरीफ की फसल प्राकृतिक आपदा के चलते पूरी तरह खराब हो गई थी और उसी के
मुआवजा स्वरूप सरकार ने प्रभावित किसानों की मदद के लिए 65 करोड़, 9 लाख,
81 हजार 353 रुपए की आर्थिक सहायता भेजी थी मगर राजस्व विभाग के
अधिकारियों ने चंद किसानों के खातों का मिलान न होने के चलते सभी किसानों
को इस मुआवजा राशि से वंचित कर दिया। इनेलो नेता जस्सा ने कहा कि हजारों
किसानों में से यदि चंद किसानों के खातों का मिलान नहीं हो रहा था तो
अन्य किसानों को किस बात की सजा दी गई? उन्होंने कहा कि विभागीय
अधिकारियों की लापरवाही इस कदर प्रभावित किसानों के लिए घातक साबित हुई
कि मुआवजा राशि का प्रभावित किसानों के बीच आवंटन न होने के कारण राज्य
सरकार ने यह राशि अपने खाते में वापिस मंगवा ली जिसके कारण पहले से
आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे किसानों की कमर टूट गई। इनेलो नेता जसवीर
सिंह जस्सा ने राज्य सरकार से मांग की कि वे इस मामले में राजस्व विभाग
के दोषी अधिकारियों की पहचान कर उन्हें विभागीय स्तर पर दंडित करें और
पुन: मुआवजा राशि जारी कर प्रभावित किसानों को लाभान्वित करे।