Pal Pal India

ये सरकार काम करना नहीं, काम फंसाना और लोगों का ध्यान भटकाना जानती है: भूपेंद्र हुड्डा

 
 ये सरकार काम करना नहीं, काम फंसाना और लोगों का ध्यान भटकाना जानती है: भूपेंद्र हुड्डा
चरखी दादरी, 09 फ रवरी।  दादरी की नई अनाज मंडी में आयोजित जनआक्रोश रैली में भारी भीड़ उमड़ पड़ी जिसमें हजारों की तादाद में महिलाएं मौजूद रहीं। भीड़ देखकर उत्साहित नेता प्रतिपक्ष व हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि जनता का ये आक्रोश बता रहा है कि आज हरियाणा की क्या हालत हो गयी है, हम कहां से कहां पहुंच गये। उन्होंने दादरी पर हक जताते हुए कहा कि दादरी का पूरा हक मुझ पर है क्योंकि मेरी रगों में भी यहां का खून दौड़ता है। हुड्डा ने अपनी टीस बताते हुए कहा कि 2014 में यह प्रदेश प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, कानून व्यवस्था में, नौकरी देने में, खेल-खिलाडिय़ों में नंबर 01 पर था। लेकिन आज बेरोजगारी, अपराध, महंगाई, नशे, खेल-खिलाडिय़ों की बदहाली में नंबर 01 पर है। उन्होंने कहा कि ये सरकार काम करना नहीं काम फंसाना और लोगों का ध्यान भटकाना जानती है। सरकार ने लोगों को परिवार पहचान पत्र, प्रापर्टी आईडी, मेरी फसल मेरा ब्यौरा के झंझट में फंसा दिया। इस सरकार का एक ही काम है गरीब का राशन काटो, बुजुर्गों की पेंशन काटो। उन्होंने हरियाणा की बदहाल कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि विकास के लिए सबसे पहले क़ानून-व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। उन्होंने कहा जिस तरह 2005 में हरियाणा से सारे बदमाश भगा दिये उसी तरह मौका मिला तो फिर कानून-व्यवस्था ठीक कर देंगे। हुड्डा ने किसानों की बात करते हुए कहा कि आज किसान को बाजरे की एमएसपी तक नहीं मिलती। 2022 तक किसान की आमदनी दोगुनी करने की बात कहने वालों ने लागत दोगुनी से ज्यादा कर दी। खाद, कीटनाशक का भाव बढ़ा दिया। और तो और खाद का रेट भी बढ़ा दिया, वेट भी घटा दिया। हुड्डा ने बताया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने किसानों के 1600 करोड़ के बिजली बिल माफ किये थे जिसका सबसे ज्यादा फायदा दादरी को मिला था। 3 लाख 82 हजार गरीब परिवारों को 100-100 गज के मुफ़्त प्लाट दिये। गरीब परिवारों के बच्चों पहली जमात से पढ़ाई के लिये वजीफा दिया। लेकिन गरीब कल्याण की सारी योजयनों को इस सरकार ने बंद कर दिया। संसद की कार्यवाही में शामिल होकर सीधे रैली स्थल पर पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने लोगों से भाजपा-जजपा की साजिशों और षड्यंत्रों से सावधान रहने को कहा। भाजपा वाले साजिश और षड्यंत्र रचने में माहिर हैं। लोकसभा चुनाव में और फिर विधान सभा चुनाव में भी चौकसी ज्यादा रखनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई ऐसी सरकार से है जिसके पास धनबल, सत्ताबल, तंत्रबल और 2 जगह सरकार है। लेकिन, हमारे पास जनता का दिया हौसला है। इस दौरान पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व स्पीकर अशोक अरोड़ा, विधायक राव दान सिंह, विधायक बीबी बतरा, विधायक गीता भुक्कल, रणबीर महेन्द्रा, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक रणसिंह मान, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व विधायक नृपेंद्र सिंह, अनिरुध चौधरी, अनिल धनखड़, देवेंद्र आर्यनगर, सत्यप्रकाश सांगवान, दीपेंद्र खड़ी बूरा, डॉ. ओमप्रकाश समेत जिले के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौजूद रहे।