Pal Pal India

शहर में बढ़ती चोरियां, लाखों की नकदी व गहने चोरी

 
 शहर में बढ़ती चोरियां, लाखों की नकदी व गहने चोरी
फतेहाबाद, 3 जून  शहर में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। चोरों ने रविवार को दिनदहाड़े ऑफिसर कालोनी में दो मकानों के ताले तोड़कर वहां से लाखों की नकदी व गहने चोरी कर लिए। इस बारे में सूचना मिलते ही शहर फतेहाबाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। सोमवार को पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बहबलपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि वह अब ऑफिसर कालोनी फतेहाबाद में रहता है। रविवार सुबह वह सिरसा रोड स्थित अपनी वर्कशॉप में काम पर गया था। उसकी पत्नी व बच्चे गांव माजरा में कपड़ा खरीदने के लिए गए हुए थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वह खाना खाने के लिए घर आया तो उसने देखा कि उसके मकान के ताले टूटे पड़े थे, अंदर कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। उसने सामान की जांच की तो पाया कि अलमारी में रखी 1 लाख 50 हजार रुपये की नगदी व एक सोने का मंगलसूत्र गायब था।
इसी दौरान उसके पड़ोसी राममेहर ने आकर बताया कि वह भी मकान को ताला लगाकर हंस कालोनी में रस्म पगड़ी में गए थे। जब वह घर आए तो उनके मकान के भी ताले टूटे पड़े थे। चोर उसके मकान से 8 हजार की नकदी, दो सोने की अंगूठियां, दो सोने की बालियां ले गए। इस पर उन्होंने पहले अपने स्तर पर आसपास तलाश की लेकिन जब चोरों के बारे में कुछ पता नहीं चला तो उसने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।