Pal Pal India

सेवा भाव से काम कर रही वर्तमान सरकार: डॉ. कमल गुप्ता

भाजपा ने शासन की धारणा को सुशासन से बदला 
 
 सेवा भाव से काम कर रही वर्तमान सरकार: डॉ. कमल गुप्ता 
हिसार, 29 जनवरी  स्थानीय शहरी निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने कहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों और वंचितों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में सरकार ने ऐसी योजनाएं लागू की हैं जो पूरी तरह से अंत्योदय व गरीब हितैषी हैं। वे सोमवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान वार्ड नंबर-15 महावीर कॉलोनी स्थित रामलीला मैदान तथा वार्ड नंबर-3 स्थित कबीर चौक में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं व सेवाओं पर पहला हक गरीबों का है। वर्तमान सरकार सत्ता भाव से नहीं सेवा भाव से काम कर रही है। हमने शासन करने की नीति को सुशासन की नीति से बदला है। लागू की गई सभी योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाना सरकार अपना कर्तव्य समझती है। निकाय मंत्री ने कहा कि यात्रा के दौरान गरीब वर्गों के लोगों, महिलाओं, युवाओं, किसानों, मध्यम वर्ग के लोगों के लिए केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है ताकि योजनाओं के प्रति जागरूक होकर नागरिक इनका लाभ भी उठा सकें।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना गरीबों व वंचितों के लिए संकटमोचक बनकर आई है। सरकार द्वारा गरीबों की आय में इजाफा करने के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित कर लागू की जा रही हैं। इनमें से एक मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना है। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य प्रदेश में सबसे गरीब परिवारों की पहचान करके उनको स्वरोजगार उपलब्ध करवाना है। इस योजना के तहत, कौशल विकास, स्वरोजगार और रोजगार सृजन के उपायों को अपनाया जा रहा है। आज प्रदेश में अति गरीब परिवारों का आर्थिक उत्थान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा गया है।