Pal Pal India

गौशालाओं के विकास व प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए : मुख्यमंत्री

 
  गौशालाओं के विकास व प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए : मुख्यमंत्री
फतेहाबाद, 23 अगस्त हरिया राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश को बेसहारा गौवंश से मुक्त करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इसको लेकर सरकार गंभीरता से काम कर रही है। भाजपा सरकार ने पिछले साढ़े 10 साल के कार्यकाल में प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं में चारे के लिए 358 करोड़ 50 लाख की राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री शनिवार को फतेहाबाद के गांव बड़ोपल की श्री कृष्ण गौशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने आज यहां जिला की 65 गौशालाओं को चारा के लिए 7 करोड़ रुपये की सहायता राशि के चैक वितरित किए। मुख्यमंत्री ने गौसेवक स्वामी राजेन्द्रानंद जी महाराज के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि स्वामी राजेन्द्रानंद का जीवन हम सबको प्रेरणा देता है। उन्होंने कठोर तपस्या करके गौमाता को संरक्षित किया परंतु इसके साथ-साथ उन्होंने इस क्षेत्र में नशे के खिलाफ भी अपनी मुहिम को चलाया। गौमाता का संरक्षण हो, युवाओं का स्वास्थ्य ठीक हो, स्वामी राजेन्द्रानंद महाराज का यही प्रयास रहा है। ऐसे तपस्वी संत स्वामी राजेन्द्रानंद महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर हम उनके कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का काम करें। उन्होंने गांव बड़ोपल स्थित वन्य जीव सेंटर का नाम भी स्वामी राजेन्द्रानंद महाराज के नाम से करने की घोषणा की। सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार गंगा, गाय और गीता का संरक्षण करने का काम कर रही है। हरियाणा में 605 गौशालाओं के लिए जन्माष्टमी पर 80 करोड़ 50 लाख रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आदिकाल से गाय पूजनीय है। गाय को माता का दर्जा दिया जाता है। गौशालाओं के विकास, गौवंश के संरक्षण व प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सरकार की नीति रही है कि कोई बेसहारा पशु सड़काें पर न रहे। उन्हें गौशालाओं व नंदीशालाओं में पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश की गौशालाओं के लिए 800 ई-रिक्शा खरीद की प्रक्रिया जारी है। यह ई-रिक्शा जल्द गौशालाओं को देने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की 100 फीसदी फसल एमएसपी पर खरीदने का काम कर रही है। अपने वायदे के अनुसार जिन परिवारों की आय 1.80 लाख से कम है, ऐसे 19 लाख घरों को 500 रुपये में गैस सिलैण्डर दिए जा रहे हैं। ज्यादा पीएम आवास योजना के तहत एक लाख से ज्यादा मकान बनाकर गरीबों को चाबियां सौंपने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए हरियाणा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि विधानसभा सत्र में विपक्षी नेता बिना सिर-पैर के मुद्दे उठाकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। सीएम ने पूर्व विधायक दुड़ाराम द्वारा क्षेत्र के अनेक गांवों में सेम समस्या के समाधान सहित रखी गई छह मांगों को भी जल्द पूरा करवाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, पूर्व मंत्री देवेन्द्र बबली, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा, चेयरमैन रविन्द्र बलियाला, चेयरमैन वेद फुलां, गौसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग, पूर्व विधायक दुड़ाराम, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खीचड़, जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, बड़ोपल गौशाला के प्रधान राम सिंह सिगड़, बड़ोपल सरपंच सुभाष गौड़, सुभाष गोदारा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। --