मुख्यमंत्री ने खरखौदा में घोषणाओं की लगाई झड़ी, विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी

चंडीगढ़ 28 दिसम्बर - हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जो सशक्त, समृद्ध तथा आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनना चाहता है, सरकार हर उस हरियाणवी के विकास के लिए सुशासन और पारदर्शिता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने रविवार को खरखौदा में विकास रैली को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सोनीपत के गांव सोहंटी और थाना कलां में 2 उप-स्वास्थ्य केंद्रों का शिलान्यास भी किया। इन दो विकास परियोजनाओं पर 1 करोड 10 लाख रुपए की लागत आएगी। मुख्यमंत्री ने खरखौदा में घोषणाओं की झड़ी लगाई और खरखौदा के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। खरखौदा शहर में थाना चौक व दिल्ली चौक का सौंदर्यकरण किया जाएगा और मुख्य पार्क के लिए 8 करोड़ रुपए व स्टेडियम के जीर्णोद्वार के लिए 3.50 करोड रुपए देने की घोषणा की। शहर में कूडे के निपटान के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से प्लांट लगेगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहर में डिजिटल लाइब्रेरी बनाई जाएगी। शहर में पीने के पानी के लिए 26 करोड़ 46 लाख रुपए की लागत से परियोजना का कार्य चल रहा है जो दिसम्बर 2026 तक पूर्ण हो जाएगा। इसके अलावा भूमि उपलब्ध होने पर रेस्ट हाउस व मल्टीस्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी। खरखोदा विधानसभा क्षेत्र में पीडब्लूडी की 45 किलोमीटर लम्बाई की 9 सड़कों पर 28.30 करोड रूपए खर्च होंगें। इसी प्रकार 35 किलोमीटर लम्बाई की 6 सड़कों की मुरम्मत करवाई जाएगी। 175 किलोमीटर लम्बाई की 42 सड़के तथा मार्केटिंग बोर्ड की 31 किलोमीटर लम्बाई की सड़कों को डीएलपी के तहत ठीक करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 465 लाख रुपए की लागत से 20 किलोमीटर लम्बाई की 7 सड़कों की रिपेयरिंग भी करवाई जा रही है और मुख्यमंत्री ने 25 किलोमीटर के कच्चे रास्तों को पक्का करवाने की भी घोषणा की।
विकास रैली को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संकल्प पत्र अनुसार जल्द ही 2 लाख युवाओं को नौकरियां दी जाएगी जिसमें से 34 हजार युवाओं को नौकरियां दी जा चुकी है। नव वर्ष पर पुलिस व अन्य विभागों में युवाओं के लिए नौकरियां निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान का सम्मान, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और स्वावलंबन, बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन और गरीब को उनका अधिकार देने के लिए वचनबद्ध है। इसी सोच के साथ सरकार ने पिछले 11 वर्षों में हरियाणा को एक नई दिशा दी है। हम खरखौदा में भी विश्व स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए कृत संकल्पित है और इसी को साकार करने के लिए कार्य कर रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 11 वर्षों के कार्यकाल में खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में 2 हजार 81 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं।. इनमें आई.एम.टी., खरखौदा में इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1 हजार 27 करोड़ रुपये की लागत के करवाए गए विकास कार्य शामिल हैं। खरखौदा में 9 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से मिनी सचिवालय का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि खरखौदा में ही 6 करोड 56 लाख रुपये की लागत से न्यायिक परिसर का निर्माण, 4 करोड 54 लाख रुपये की लागत से 4.5 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का नवीनीकरण और 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से नई अनाज मंडी का विस्तार किया गया है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि जवानों व किसानों की यह भूमि अब एन.सी.आर क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ औद्योगिक केंद्र बन चुकी है। यह क्षेत्र ऑटोमोबाइल, विनिर्माण, भंडारण और लॉजिस्टिक के विकास के व्यापक अवसर प्रदान कर रहा है। यह कारोबारियों और निवेशकों के लिए आकर्षण का भी केंद्र बन रहा है। इस दिशा में आई.एम.टी खरखौदा में मारुति सुजुकी द्वारा 18 हजार करोड रुपये के निवेश से एक अल्ट्रा मेगा ऑटो उद्योग परियोजना स्थापित की जा रही है। मेसर्स सुजुकी मोटरसाइकिल द्वारा 2 हजार करोड़ रुपये के निवेश से उद्योग लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे हैं। जो कहा है, वो करेंगे। हमारी नीति, नीयत और नेतृत्व स्पष्ट हैं। भाजपा सरकार हर वायदे को निभाने के लिए कृतसंकल्प हैं। विधानसभा चुनावों के संकल्प-पत्र में 217 में से 54 वादों को एक साल में ही पूरा कर दिखाया है। इसके अलावा, 163 वादों पर काम प्रगति पर है। एक वर्ष में नॉन-स्टॉप विकास का संकल्प लिया, उसकी सिद्धि में विकास की तिगुणी गति से कार्य कर रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार तिगुणी गति से तीसरे कार्यकाल में प्रदेश के समुचित विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठा रही हैं। बहनों-बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की है। अब तक दो किस्तों में 7 लाख से अधिक बहन-बेटियों को 258 करोड रुपए दिये जा चुके है।
उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। यह लाभ प्रदेश के लगभग 14 लाख 70 हजार परिवारों को मिल रहा है। प्रदेश में जमीनों व सम्पत्तियों का पेपरलेस रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया है। अब रजिस्ट्री का काम पूरी तरह डिजिटल हो गया है। सोनीपत से मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का दूसरा चरण शुरू किया गया है। इसके माध्यम से गरीब से गरीब परिवार की वार्षिक आय कम से कम 1 लाख 80 हजार रुपए करना लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के सिर पर छत उपलब्ध करवाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 56 हजार मकान बनाकर दिये गये हैं।. गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 14 शहरों में 15 हजार 765 गरीब परिवारों को प्लॉट दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायतों में 12 हजार 31 प्लॉट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार किसान हित की नीतियों को लेकर कार्य कर रही है। आज किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड रुपये सीधे खाते में डाले जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धन के अभाव में कोई भी गरीब इलाज से वंचित नहीं रहेगा। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना में 25 लाख 39 हजार मरीजों का 4 हजार 126 करोड रुपये की लागत से मुफ्त इलाज किया गया है। किडनी के रोग से पीड़ित रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं शुरू की गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी पंचकूला द्वारा प्रकाशित व पंडित दधिचि ऋषि वत्स द्वारा रचित पुस्तक पंडित लख्मीचंद का ब्रह्म ज्ञान का विमोचन भी किया।

