सुप्रीम कोर्ट की फटकार से पंजाब सरकार सुधरे तो बात बने: डॉ. चौहान
Nov 8, 2023, 19:46 IST

करनाल, 8 नवंबर। दिल्ली को गैस चेंबर में तबदील होने से रोकने में असफल रही आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार और पंजाब सरकार एक बार फिर से बेनक़ाब हुई हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने पंजाब सरकार को सीधे तौर पर फटकार लगाकर यह साफ़ कर दिया है कि भगवंत मान सरकार और उनकी पार्टी कोरी राजनीति कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर आम आदमी पार्टी को राजनीतिक हुड़दंग और प्रपंच से बाहर आने और धरातल पर काम करने के लिए आगाह करती है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के प्रवक्ता डॉ.वीरेंद्र सिंह चौहान ने आज यहाँ जारी एक वक्तव्य में यह टिप्पणी की। डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने उम्मीद जतायी कि सर्वोच्च न्यायालय की फटकार के बाद अब आम आदमी पार्टी की सरकार के निकम्मेपन पर अंकुश लगेगा और कम से कम पंजाब की सरकार कुछ ठोस काम करती हुई दिखाई देगी। भाजपा प्रवक्ता डॉक्टर चौहान ने कहा कि नासा के सैटेलाइट चित्र पंजाब के खेतों में बेहिसाब पराली दहन की घटनाएँ दर्शा रहे हैं। सरकारी आंकड़े हरियाणा की तुलना में पंजाब में लगभग पाँच गुणा के मामलों की गवाही दे रहे हैं। इन्हें नियंत्रित करने के बजाय दिल्ली के मुख्यमंत्री और मंत्री हरियाणा के किसानों और सरकार के सिर पर ठीकरा फोडऩे में व्यस्त हैं। वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि राज्य के किसान हरियाणा सरकार की विभिन्न योजनाओं में कंधे से कंधा मिलाकर स्थिति को हर दिन बेहतर बनाने के लिए सहयोग करते दिख रहे हैं। सरकार किसानों को जागरूक बनाने के साथ साथ ही आवश्यकता अनुसार गलती करने वालों को दंड भी दे रही है क्योंकि यह मामला दलगत राजनीति से ऊपर उठकर है हर हरियाणवी की सेहत की संभाल करने से जुड़ा हुआ है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में उनकी पार्टी की सरकार बनने से पहले भी आए दिन पंजाब को दिल्ली के प्रदूषण के लिए दोषी ठहराते थे, इनदिनों रंग बदल कर घटिया अंदाज़ में उत्तर प्रदेश और हरियाणा पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरवादी लोगों को हरियाणा की जनता बख़ूबी पह्चानने लगी है और इस निचले दर्जे की राजनीति का जवाब जनता राजनीति के दंगल में भी देगी।