संविधान की मजबूती ही राष्ट्र की असली शक्ति: कुमारी सैलजा

गणतंत्र दिवस के अवसर पर सिरसा से सांसद, कांग्रेस कमेटी की महासचिव तथा पूर्व मंत्री कुमारी सैलजा ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि भारत की असली शक्ति उसके संविधान में निहित है और संविधान की मजबूती जनता की एकता, अधिकारों तथा न्याय की भावना से आती है।
कुमारी सैलजा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और अथक परिश्रम से देश को समानता, सामाजिक न्याय और लोकतंत्र पर आधारित संविधान प्राप्त हुआ, जो आज भी राष्ट्र को दिशा दे रहा है। उन्होंने सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सर्वोच्च बलिदान के कारण ही हमारी स्वतंत्रता, संप्रभुता और संवैधानिक व्यवस्था सुरक्षित है। कुमारी सैलजा ने आह्वान किया कि इस गणतंत्र दिवस पर हम सभी संवैधानिक मर्यादाओं, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव को और अधिक सुदृढ़ करने का संकल्प लें।

