Pal Pal India

सोनीपत नगर निगम के मेयर निखिल मदान ने कांग्रेस का 'हाथ' छोड़कर थामा भाजपा का दामन

 कांग्रेस के पास बताने को कुछ नहीं, हमारे पास अनगिनत उपलब्धियां: नायब सिंह सैनी
 
  सोनीपत नगर निगम के मेयर निखिल मदान ने कांग्रेस का 'हाथ' छोड़कर थामा भाजपा का दामन
चंडीगढ़, 11 जुलाई  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केन्द्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली की मौजूदगी में सोनीपत नगर निगम के मेयर निखिल मदान ने गुरुवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का कार्यकाल बेहतरीन कार्यों और उपलब्धियों से भरा सफर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र सरकार की तरह ही प्रदेश में भाजपा तीसरी बार अपनी सरकार बनाकर इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास बताने के लिए कुछ नहीं है और अब कांग्रेस झूठ का सहारा ले रही है। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ झूठ परोसना है। कांग्रेस की स्थिति सभी विधानसभा क्षेत्रों में बेहद कमजोर हुई है।
केन्द्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आज निखिल पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि निखिल के साथ 150 से अधिक स्थानीय नेता, जिनमें पार्षद व दूसरे दायित्व पर रहे गणमान्य लोग पार्टी की सदस्यता ले रहे है। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मेयर निखिल मदान व उनके समर्थक भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर भाजपा के बड़े परिवार में शामिल हुए हैं।