अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित करने के फैसले का एसकेएम (गैर राजनीतिक) करेगा पुरजोर विरोध: औलख
कहा, सम्मानित करना है तो उन सेना के जवानों को करो, जो रोजाना बॉर्डर पर शहीद हो रहे हंै
Jul 19, 2024, 14:14 IST

सिरसा 19 जुलाई। सरकार द्वारा किसान आंदोलन के दौरान किसानों को दिल्ली जाने से रोकने में अह्म भूमिका निभाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रपति अवार्ड देने का निर्णय निंदनीय है। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) इस निर्णय की घोर निंदा करता है और इस फैसले का पुरजोर विरोध करेगा। अगर सम्मानित करना ही है तो देश के उन जवानों को करो, जो रोजाना बॉर्डर पर शहीद हो रहे हंै। उक्त बातें भारतीय किसान एकता (बीकेई) के अध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। औलख ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे किसानों पर सरकार ने सीधी गोलियां चलाकर, जहरीली गैस छुड़वाकर अत्याचार किए। एक युवा किसान शुभकरण इस दौरान शहीद भी हो गया। अनेक किसानों की आंखों की रोशनी चली गई, कुछ लोगों के हाथ-पांवों में फ्रैक्चर हो गया। शंभु व खनोरी बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों में से किसी के पास भी कोई हथियार नहीं था, लेकिन सरकार ने निहत्थे किसानों पर हमला करवाकर अपनी कू्ररता का परिचय दिया। औलख ने कहा कि अब हाईकोर्ट ने कुछ दिन पूर्व सरकार को आदेश दिया था कि वो बॉर्डर के रास्ते खोलें और किसानों को दिल्ली जानें दें, लेकिन इसके बाद भी हरियाणा सरकार हाईकोर्ट के निर्णय के बाद सुप्रीम कोर्ट चली गई, यहां से भी सरकार को कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार किसान हितैषी होने का दम भरती है, लेकिन दूसरी ओर किसानों पर अनगिनत अत्याचार कर किसान विरोधी होने का पुख्ता सबूत दे रही है। अजय टैनी, जिसने सरेआम किसानों पर गाड़ी चढ़ाकर कुचलने का काम किया, उसे सरकार सम्मानित कर रही है, जोकि बेहद शर्मनाक है। इसके अलावा बसताड़ा टोल पर एक इंस्पेक्टर हरजिंद्र खैरा ने किसान साथी को बुरी तरह पीटा। नवदीप जलवेड़ा जोकि जेल में है, उसे जेल में थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया। पहले भी यह इसी प्रकार की घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा था। उन्होंने कहा कि जैसे ही बॉर्डर के रास्ते खुलते हंै, किसान दिल्ली की ओर कूच करेंगे। इसके लिए बकायदा किसानों ने पुख्ता तैयारियां भी कर ली है। विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे सवाल के जवाब में औलख ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक संगठन है, जो सरकार किसान हित में काम करेगी जनता उसे अपना जवाब दे देगी। इस मौके पर प्रकाश ममेरां ने कहा कि अगर सरकार सम्मानित ही करना चाहती है तो इन्हें एक बार बॉर्डर भेजे, जहां हमारे देश के जवान आतंवादियों से लडक़र शहीद हो रहे हंै, ताकि इन्हें भी पता चले की सम्मान क्या होता है? इस दौरान उनके साथ अंग्रेज सिंह कोटली, तलविंदर सिंह सोखी, जगदीश स्वामी भी मौजूद थे।