Pal Pal India

हरियाणा में बनेंगे छ: पॉली क्लीनिक: सीएम

गौवंश की देखभाल के लिए गौ सेवा आयोग के बजट में की 10 गुणा बढ़ोत्तरी
 
हरियाणा में बनेंगे छ: पॉली क्लीनिक: सीएम

चंडीगढ़, 13 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पशुओं की देखभाल हेतु प्रदेश में छ: पॉली क्लीनिक बनाये जाएंगे। चरखी दादरी में भी एक पॉली क्लिनिक बनाया जाएगा। वर्तमान में सात पॉली क्लिनिक कार्यरत हैं। प्रदेश में गौवंश की देखभाल के लिए गौ सेवा आयोग के बजट में 10 गुणा बढ़ोतरी करके 400 करोड़ रुपये कर दिया है। मुख्यमंत्री आज चरखी दादरी में 39वीं हरियाणा पशुधन प्रदर्शनी-2023 के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने पशुधन प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस मौके पर कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन मंत्री जेपी दलाल और पूर्व कृषि एवं किसान कल्याण और पशुपालन मंत्री ओ प्रकाश धनखड़ उपस्थित थे।

2 लाख परिवारों की आमदनी बढ़ाने के लिए 2000 करोड़ रुपये रिजर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत जिन परिवारों की आय 1 लाख रुपये से कम है, उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत अधिकतर परिवार पशुपालन के काम में आ रहे हैं, जिनकी सहायता के लिए बैंकों के माध्यम से इन परिवारों को ऋण दिलवाया जा रहा है। इस साल 2 लाख परिवारों की आमदनी बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पशुपालन या अन्य किसी कार्य के लिए 2 लाख परिवारों के लिए 2000 करोड़ रुपये रिजर्व रखा गया है।

प्रदेश सरकार ने गौ वंश की सुरक्षा के लिए बनाए कड़े कानून

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गौ वंश की सुरक्षा के लिए कड़े कानून बनाए हैं। गौ हत्या करने पर 10 साल तक की सजा तथा जुर्माने का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 632 गौशालाएं है।  गौ सेवा आयोग का गठन किया गया है। बेसहारा गौ वंश की देखभाल के लिए बजट में वृद्धि की गई है।

मेले का उद्देश्य नई तकनीकों की जानकारी देना है: जेपी दलाल

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण तथा पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि इस प्रकार के मेले आयोजित करने का उद्देश्य किसानों व पशुपालकों को नई नई तकनीकों की जानकारी देना है, ताकि इन तकनीकों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन में बढ़ोतरी कर उनकी आमदनी को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की नीतियों के अनुसार एक कॉल सेंटर बनाया जाएगा, जहां पशुपालक कॉल करके एंबुलेंस की मांग कर सकेंगे। उसके बाद तुरंत नजदीकी एंबुलेंस पशुपालक के घर जाएगी। पहले चरण में 70 एंबुलेंस की व्यवस्था की जाएगी। बाद में 200 एंबुलेंस होगी।

दूध उत्पादन में हरियाणा को इजराइल के बराबर पहुंचाने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने पशुपालकों से आह्वान किया कि वे हरियाणा को प्रति पशु दूध उत्पादन में इजराइल के बराबर ले जाने का संकल्प लें।  इस अवसर पर विधायक सोमबीर सांगवान, घनश्याम सर्राफ, गौसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग, पशुपालन विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी कुमार, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव के मकरंद पांडुरंग सहित बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित थे।