Pal Pal India

सिरसा: इस बार काली दिवाली मनाएंगे ग्रामीण सफाई कर्मचारी

 
 सिरसा: इस बार काली दिवाली मनाएंगे ग्रामीण सफाई कर्मचारी 
सिरसा, 11 नवंबर  ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को खंड पंचायत एवं विकास अधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। सफाई कर्मचारियों में इसको लेकर रोष था कि सरकार उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं कर रही है। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने इसको लेकर काली दिवाली मनाने का फैसला किया है।
सफाई कर्मचारी सोनू कुमार ने बताया कि 17 सालों से वे सफाई कर्मचारी के तौर पर काम कर रहे हैं। 2014 में भाजपा ने सरकार बनने से पहले अपने घोषणा पत्र में सफाई कर्मचारियों को पक्का करने, उनके पे स्केल को बढ़ाने का आश्वासन दिया था,लेकिन सरकार बने हुए 9 साल हो गए हैं। अभी तक सरकार ने उनकी मांगों की और कोई ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि 9 साल के अंतराल में सरकार में 3 पंचायत मंत्री बने है। ग्रामीण सफाई कर्मियों ने कहा कि 2014 में जब हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी तो उस समय ओम प्रकाश धनखड़ पंचायत मंत्री बने थे।
धनखड़ ने भी सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन मांगे पूरी नहीं हुई। उसके बाद 2019 में भाजपा और जजपा की गठबंधन की सरकार बनी है। 2019 में दुष्यंत चौटाला पंचायत मंत्री बने थे और दुष्यंत चौटाला से भी उनके प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उनकी मांगों को पूरा करने की बात कही थी, लेकिन दुष्यंत चौटाला ने भी उनकी मांगों की और कोई ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की मांग है कि सरकार उन्हें 14000 की बजाए 26000 वेतन दे।
इसके अलावा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करे, गांव की आबादी के हिसाब से सफाई कर्मचारियों ड्यूटी निर्धारित की जाए। कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगे पूरी नहीं की तो सरकार के खिलाफ आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।