Pal Pal India

सिंघानिया परिवार की ओर से निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर आज जरूरतमंदों की तत्काल मदद करने में बीपीएमएस सबसे आगे: राजेश चेतन

 
  भिवानी16 सितंबर विख्यात समाजसेवी और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले

 नौरंग राय सिंघानिया एवं श्रीमती सरबती देवी सिंघानिया जी की पुण्य स्मृति में उनके परिवार द्वारा निःशुल्क आंखों का 31वां मोतियाबिंद ऑपरेशन (लेंस वाला) एवं मेडिकल कैम्प 17 सितंबर बुधवार को श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित किया जाएगा। देश की प्रमुख सामाजिक संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) के सान्निध्य में कैंप का आयोजन सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। बीपीएमएस के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय कवि राजेश चेतन ने बताया कि श्री नौरंग राय सिंघानिया एवं श्रीमती सरबती देवी सिंघानिया को क्षेत्र के लोग पूजनीय मानते हुए पूरी श्रद्धा के साथ याद करते हैं। इस परिवार ने सैंकड़ों जरूरतमंदों की मदद करके उन्हें कष्टों से छुटकारा दिलाया।
राजेश चेतन ने बताया कि  गरीब व बीमारों की तत्काल सहायता करने वाले सबसे अग्रणी संगठन के रूप में भिवानी परिवार मैत्री संघ की पहचान पूरे उत्तर भारत में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बीपीएमएस के शिविर में दिल्ली और गुरुग्राम के वरिष्ठ चिकित्सक मरीजों की जांच करते हैं। 20 अगस्त को आयोजित 30 वें निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर में 190 मरीजों की जांच की गई थी। इससे सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि इन शिविरों  की उत्कृष्ट सेवाओं ने बड़े स्तर पर लोगों का विश्वास जीता है। राजेश चेतन ने मरीजों से आह्वान किया कि वे कैंसर की जांच से डरना छोड़ें। डर कर बीमारी को भयावह रूप न लेने दिया जाए। समय रहते पता चलने पर इस बीमारी का सौ प्रतिशत इलाज संभव है।
भिवानी परिवार मैत्री संघ के शिविरों में जांच के बाद बीमारी डिटेक्ट होने पर 
 कैंसर मरीजों का नई दिल्ली स्थित राजीव गांधी कैंसर अस्पताल द्वारा मुफ्त इलाज किया जाता है। राजेश चेतन ने बताया कि अब तक बड़ी संख्या में कैंसर मरीजों का निःशुल्क इलाज हो चुका है। 
उल्लेखनीय है कि 
 बीपीएमएस द्वारा हर माह के तीसरे बुधवार को भिवानी के श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाता है।