Pal Pal India

ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों व अनाज मंडी का सैलजा ने किया दौरा

 किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग, सरकार पर भेदभाव के आरोप
 
 ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों व अनाज मंडी का सैलजा ने किया दौरा
  सिरसा/ 3 अप्रैल।

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं CWC सदस्य Kumari Selja (सैलजा) ने आज फतेहाबाद जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर हाल ही में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान का अवलोकन किया। उन्होंने प्रभावित खेतों में जाकर फसलों की स्थिति देखी और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इसके बाद सैलजा ने सिरसा की अनाज मंडी का दौरा किया और वहां किसानों व आढ़तियों से मुलाकात कर उनकी परेशानियों को जाना। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि के कारण किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और कई गांवों में फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।
उन्होंने किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को तुरंत राहत कार्य शुरू करने चाहिए। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा किसानों पर लगाए जा रहे प्रतिबंधों और आढ़तियों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। सैलजा ने आरोप लगाया कि छोटे किसानों और व्यापारियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी करवाई जानी चाहिए ताकि नुकसान का सही आकलन हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों का प्रीमियम काटने के बावजूद कपास का मुआवजा अब तक नहीं मिला है, जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि किसान आखिर कंपनियों के पीछे भागें या सरकार का इंतजार करें।
सैलजा ने कहा कि इस ओलावृष्टि से छोटे किसानों और खेत मजदूरों को भारी नुकसान हुआ है, जिन्हें जल्द राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसानों के लिए पोर्टल नहीं खोला गया है और पटवारी खेतों में नहीं पहुंचे हैं, जिससे किसान अपना नुकसान दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। प्रशासन को तुरंत पटवारियों को खेतों में भेजना चाहिए।
फतेहाबाद जिले के गांव ढाणी डुल्ट, भूथन, झलनियां, भिड़ाना, चन्द्रावल, माजरा, सनियाना, चमार खेड़ा सहित कई गांवों का दौरा करते हुए उन्होंने किसानों से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सिरसा में पानी के टैंकर वितरित:
इससे पहले सिरसा के भगत सिंह स्टेडियम में सैलजा ने सांसद निधि से विभिन्न गांवों के लिए पानी के टैंकर भेंट किए। अब तक 31 टैंकर दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर और टैंकर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इस अवसर पर कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा फौगाट, वीरभान मेहता, प्रेम बजाज, नवीन केडिया, राजकुमार शर्मा,  राजेश चाडीवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।