Pal Pal India

टोहाना में अतिक्रमण हटाओ अभियान पर दुकानदारों का हंगामा, जेसीबी रोकी; चेयरमैन ने जताई नाराजगी

 
  टोहाना में अतिक्रमण हटाओ अभियान पर दुकानदारों का हंगामा, जेसीबी रोकी; चेयरमैन ने जताई नाराजगी
फतेहाबाद, 27 सितंबर  हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना में शनिवार सुबह नगर परिषद की टीम ने 'अतिक्रमण हटाओ' अभियान के तहत जेसीबी से बंद पड़ी दुकानों के बाहर शेड तोड़ना शुरू कर दिया। सुबह पांच बजे शुरू हुई इस कार्रवाई पर दुकानदारों ने तीखा विरोध जताया। बड़ी संख्या में दुकानदार मौके पर पहुंचे और जेसीबी के आगे खड़े होकर तोड़फोड़ रोकी। गुस्सैल दुकानदारों ने कुछ देर के लिए रास्ता जाम कर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल पहुंचे और कार्रवाई पर नाराजगी जताई। पुलिस के हस्तक्षेप से टीम वापस लौट गई।
उल्लेखनीय है कि डीएमसी संजय बिश्नोई के नेतृत्व में नगरपरिषद फतेहाबाद की टीम ने पहले फतेहाबाद शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर जमकर तोडफ़ोड़ की गई थी। दुकानदारों ने इसका विरोध किया तो भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने वीडियो जारी कर कहा कि उनकी डीसी से बात हो गई है। दीपावली तक जिले में कहीं अतिक्रमण हटाने के नाम पर जेसीबी नहीं चलेगी। उन्होंने दुकानदारों से भी स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की थी। बीजेपी जिलाध्यक्ष के दावों की पोल अगले ही दिन खुल गई जबकि नगरपरिषद की टीम एक बार फिर बाजार में उतरी और लाल बत्ती चौक पर अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। इसके बाद से फतेहाबाद के दुकानदारों में काफी रोष है।
अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि शनिवार को प्रशासन ने टोहाना में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी सुबह करीब 5 बजे ही बुलडोजर लेकर रेलवे रोड मार्केट में पहुंच गए। यहां दुकानों के बाहर लगे शेड तोड़ दिए गए। किसी ने अवैध निर्माण किया हुआ था, उस पर भी बुलडोजर चला दिया गया। एक के बाद एक काफी दुकानों के बाहर तोडफ़ोड़ कर दी गई। जैसे-जैसे दुकानदारों को सूचना मिली तो दुकानदार तत्काल मार्केट पहुंचे। व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी आ गए। बाद में नगर परिषद के चेयरमैन नरेश बंसल दुकानदारों के बीच पहुंचे। चेयरमैन ने भी नगर परिषद की इस कार्रवाई के प्रति नाराजगी जाहिर की। दुकानदारों ने जेसीबी के आगे खड़े होकर रोष जताना शुरू कर दिया। कुछ दुकानदार सडक़ पर ही बैठ गए। इसके बाद नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। जाम की सूचना पाकर सिटी थाना से काफी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दुकानदारों को समझाने का प्रयास किया। मगर दुकानदार रोष जताते रहे। दुकानदारों का कहना है कि न तो उन्हें पहले से कोई सूचना दी गई, और न ही अपने सामान को समेटने का कोई मौका। एक दुकानदार ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि त्यौहारी सीजन में अधिकारी उन्हें उजाड़ने में लगे हुए हैं।
सामान के लिए चक्कर काट रहा दुकानदारइसी तरह की एक घटना फतेहाबाद में भी सामने आई है, जहां एक साइकिल दुकानदार की नगर परिषद की टीम ने जबरन ट्रॉली में फेंक दिया। दुकानदार का आरोप है कि उसकी नई साइकिल और अन्य सामान, जिसकी कीमत लगभग 40 से 50 हजार रुपये थी, बिना जांच के उठा लिए गए। पीडि़त दुकानदार ने बताया कि वह कई दिनों से अपने सामान की वापसी के लिए नगर परिषद के दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन कहीं भी उसकी सुनवाई नहीं हो रही। उसका कहना है कि दुकान हटाए जाने के बाद से उसका परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है और घर चलाना भी मुश्किल हो गया है।