Pal Pal India

चुनाव की घोषणा के बाद होगा सीटों पर फैसला, जजपा एनडीए का हिस्सा: दुष्यंत चौटाला​​​​​​​

 
 चुनाव की घोषणा के बाद होगा सीटों पर फैसला, जजपा एनडीए का हिस्सा: दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़, 4 फरवरी  हरियाणा में भाजपा-जजपा गठबंधन के बीच टकराव की खबरों को खारिज करते हुए उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि जननायक जनता पार्टी आज भी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है। भविष्य में भी यह गठबंधन मजबूती के साथ हरियाणा में काम करेगा।
रविवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में पिछले करीब सवा चार साल के दौरान भाजपा-जजपा गठबंधन ने मजबूत व स्थिर सरकार प्रदान की है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन सभी दस सीटों को आधा बनाकर चुनाव लड़ा जा रहा है। इसी प्रकार जजपा गठबंधन भी दस सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रहा है। जजपा के नेता अब तक छह लोकसभा सीटों पर रैलियां कर चुके हैं। बहुत जल्द चार लोकसभा सीटों पर रैलियों का आयोजन किया जाएगा। दोनों दल अपने-अपने कार्यकर्ताओं को लामबंद करने में लगे हैं।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जब चुनावों का ऐलान होगा, तब सीटों के बंटवारे को लेकर फैसला किया जाएगा। अभी दोनों दल अपने-अपने तरीके से चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं। जजपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जहां विपक्ष का इंडी गठबंधन लगातार टूटता जा रहा है, वहीं हरियाणा में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से बिखर चुकी है। कांग्रेस में जहां पिता-पुत्र व एसआरके ग्रुप है वहीं अब कांग्रेस के प्रभारी का भी एक अलग ग्रुप बन गया है।
उचाना विधानसभा क्षेत्र को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह के बयानों का खंडन करते हुए दुष्यंत ने कहा कि वह उचाना को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ेंगे, जो लोग उनके उचाना छोडऩे की बात कर रहे हैं, वह अपना अंतिम चुनाव बता रहे हैं। कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने कांग्रेस में घुटन को लेकर दिए गए बयान पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कैप्टन अजय सिंह यादव वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने कई दशक पार्टी को दिए हैं। अब गुटबाजी के चलते उन्हें अहमियत नहीं दी जा रही है। वह अगर उनकी पार्टी में आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। कैप्टन अजय यादव के लिए जजपा के दरवाजे हमेशा खुले हैं।