Pal Pal India

नपा ठेकेदार से परेशान सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

 
 नपा ठेकेदार से परेशान सफाई कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
  रानियां, 3 दिसंबर 

नगर पालिका रानियां के अंतर्गत काम करने वाले सफाई कर्मचारियों के साथ ठेकेदार द्वारा अपनाई गए रवैया को लेकर सफाई कर्मचारी भड़क गए तथा सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान सोमपाल के नेतृत्व में बैठक बुलाई गई । दो सफाई कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व नोटिस या सूचना के ड्यूटी से निकले जाने को लेकर कर्मचारियों में ठेकेदार के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई । प्रधान

सोमपाल पूहाल के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया। शहर में सफाई कार्य का संचालन कर रहे सनराइज ग्रुप ठेकेदार द्वारा दो सफाई कर्मचारियों में वीरेंद्र कुमार और मीनू रानी को बिना किसी पूर्व सूचना व कारण बताए हटाए जाने पर सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रधान

सोमपाल पूहाल ने बताया कि ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है और नगर पालिका प्रशासन भी इस मामले में मौन है। उन्होंने कहा कि

ठेकेदार सप्ताह में एक भी छुट्टी नहीं देता है।

मजबूरी में छुट्टी लेने पर कर्मचारियों की वेतन में कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि

ईएसआई कार्ड नहीं बनाए जा रहे जबकि हर महीने लगभग 500 ईएसआई कार्ड के नाम पर काटे जा रहे हैं तथा

अब तक किसी भी कर्मचारी का ईएसआई कार्ड जारी नहीं हुआ है जिससे कर्मचारी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं।

रानियां शहर के अंदर बन रही नई गलियों में होने वाला मलवा व मिट्टी भी ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मचारियों से उठवाया जा रहा है, जबकि यह सफाई कर्मचारियों के निर्धारित कार्य में शामिल नहीं है और यह पूरी तरह नियमों के खिलाफ है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि वीरेंद्र कुमार और मीनू रानी को तुरंत ड्यूटी पर वापस नहीं लिया गया तो सभी कर्मचारी आंदोलन करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन और ठेकेदार की होगी।

उधर नगर पालिका ठेकेदार बृजलाल ने बताया कि दैनिक वेतन के अनुसार मजदूरों को काम दिया जा रहा है जो कर्मचारी ड्यूटी के प्रति लापरवाही बर्त रहा है उसे काम से हटाया जा रहा है । इसमें किसी भी प्रकार की द्वेष भावना या रंजिश नहीं है । शहर में सफाई कार्य के दौरान लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर सूचित किया जा रहा है । वही नगर पालिका के सचिव विक्रमजीत ने बताया कि वे हिसार में सरकारी ट्रेनिंग पर हैं वापस लौट के बाद संज्ञान लिया जाएगा