अधिवक्ता पर एफआईआर मामले में सैैलजा ने सीएम को पत्र लिखा
Aug 17, 2025, 13:28 IST

सिरसा, 17 अगस्त कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री, सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने सिरसा में अधिवक्ता अमित सिहाग प्रकरण को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। सैलजा ने कहा कि अधिवक्ता के परिसर में 29 जुलाई को अवैध प्रवेश कर उत्पीडऩ की घटना घटी, जिसकी शिकायत स्वयं पीडि़त अधिवक्ता ने पुलिस को दी। बावजूद इसके, पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई करने की बजाय शिकायतकर्ता अधिवक्ता के विरुद्ध ही मामला दर्ज कर दिया, जो निंदनीय है। सैलजा ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया प्रशासन इस मामले को सुलझा सकता था। प्रशासन और पुलिस की उदासीनता के कारण यह मामला गंभीर रूप ले चुका है। इसी अन्यायपूर्ण रवैये के खिलाफ सिरसा के अधिवक्ता 12 अगस्त से हड़ताल पर हैं, जिससे न्यायिक कार्य बाधित हो रहा है और प्रतिदिन हजारों नागरिक प्रभावित हो रहे हैं। सैलजा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर मांग की है कि वे स्वयं इस प्रकरण में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करें और पीडि़त अधिवक्ता को तत्काल राहत दिलाएं, ताकि भविष्य में अधिवक्ता समुदाय के साथ ऐसी घटनाएं दोहराई न जा सकें।

