Pal Pal India

दिनदिहाड़े लूट: बुजुर्ग महिला और पोती को बनाया बंधक, 2 लाख नकद व 15 तोला सोना लेकर फरार

 
 दिनदिहाड़े लूट: बुजुर्ग महिला और पोती को बनाया बंधक, 2 लाख नकद व 15 तोला सोना लेकर फरार
 सिरसा, 24 सितंबर।
 शहर की राम कालोनी में दिनदिहाड़े लुटेरों ने एक घर में घुसकर बुजुर्ग महिला और उनकी पोती को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपित घर से करीब दो लाख रुपये नकद और 15 तोला सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार राम कालोनी निवासी एडवोकेट विजय बंसल के घर पर उनकी पत्नी 70 वर्षीय दयावंती अकेली मौजूद थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवक घर में घुसे और महिला को कमरे में बंदी बनाकर मारपीट की। घटना के वक्त घर में नौकरानी पार्वती भी मौजूद थी। करीब सवा एक बजे दयावंती की पोती अनीशा स्कूल से स्कूटी पर घर पहुंची। आरोपितों ने उसे भी पकड़कर कुर्सी पर बैठा दिया और रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए। आरोपितों ने अनीशा के सामने ही बैड के गद्दे उठाकर अलमारी से नकदी व गहने निकाले और लूटपाट कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अनीशा की स्कूटी लेकर नौकरानी सहित मौके से फरार हो गए। बमुश्किल अनीशा ने खुद को रस्सियों से छुड़ाया और बाहर निकलकर शोर मचाया। पड़ोसी अंकुश ने दौड़कर उसकी मदद की और फिर अंदर जाकर दयावंती को भी आजाद करवाया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर एडवोकेट विजय बंसल अपने बेटे अजय के साथ घर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पीड़ितों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। वहीं परिजनों को शक है कि नौकरानी भी आरोपियों से मिली हुई है