Pal Pal India

रिटायर्ड कर्मचारी संघ ब्लाक फतेहाबाद की बैठक, सरकार के रूख पर जताई नाराजगी

 
  रिटायर्ड कर्मचारी संघ ब्लाक फतेहाबाद की बैठक, सरकार के रूख पर जताई नाराजगी
फतेहाबाद 06 अप्रैल 
रिटायर्ड कर्मचारी संघ ब्लाक फतेहाबाद की महत्वपूर्ण बैठक आज ब्लाक प्रधान मा. रामदास की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन ब्लाक सचिव हरकिशन लाल कम्बोज ने किया वहीं राज्य कार्यकारिणी सदस्य जोगेन्द्र सिंह भ्याना, जिला वित्त सचिव रघुनाथ मेहता व बेगराज मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में दिवंगत सेवानिवृत उपमंडल अधिकारी सिंचाई विभाग बारूराम, नगरपालिका कर्मचारी राधेश्याम रत्ति के अलावा फिल्म अभिनेता मनोज कुमार व परिवहन विभाग से चंचल बिश्नोई की माता जी व अन्य प्राकृतिक आपदाओं में मारे ज्ञात-अज्ञात व्यक्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु प्रार्थना की गई।
बैठक में राज्य कमेटी के आह्वान पर पेंशनर्ज की मांगों को लेकर राज्य स्तरीय आंदोलन पर समीक्षा की गई वहीं पेंशनर्ज की मांगों के प्रति केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा अपनाए जा रहे उदासीन रवैये पर नाराजगी प्रकट की गई। वक्ताओं ने कहा कि केन्द्रीय वित्तमंत्री द्वारा वित्त विधेयक 2025 भाग 4 और खंड 147-150 पर जारी पेंशन नियमों व निर्देशों से सम्बंधित सत्यापन खंडों पर सेवानिवृत कर्मचारियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसमें बताया गया है कि 2026 से पहले और 2026 के बाद के सेवानिवृत कर्मचारियों में अंतर दर्शाने का कार्य किया जा रहा है। रिटायर्ड कर्मचारी संघ मांग करता है कि 8वें वेतन आयोग में पेंशनर्ज के लाभ सुनिश्चित किए जाएं। सरकार से मांग की गई पेंशनर्ज की लंबित मांगों में 65, 70, 75 व 80 वर्ष की उम्र में 5, 10, 15 व 20 प्रतिशत पेंशन की बढ़ोतरी की जाए। घटती ब्याज दरों को मध्यनजर रखते हुए कम्यूट पेंशन की कटौती 10 वर्ष 8 महीने की जाए। मेडिकल भत्ता 3 हजार रुपये मासिक दिया जाए। वरिष्ठ नागरिकों को एसी वोल्वो, रेल, हवाई जहाज यात्रा रियायती दरों पर मिले। कोरोना काल का 18 महीने का रूका हुआ डीए जारी किया जाए। पेंशन को आयकर मुक्त किया जाए। कैशलेस इलाज की सुविधा अति शीघ्र लागू की जाए। इस अवसर पर पृथ्वी सिंह बाना, बनारसी दास मोंगा, गोपाल मेहता, पवन शर्मा, दिलबाग सिंह, बलबीर सिंह डीआई, बलवंत सिंह सहित अनेक सेवानिवृत कर्मचारी मौजूद रहे।