Pal Pal India

राहुल गांधी ने पूरे देश को प्यार का संदेश दिया: डॉ के वी सिंह

 
राहुल गांधी ने पूरे देश को प्यार का संदेश दिया: डॉ के वी सिंह​​​​​​​ 

ऐलनाबाद, 15 फरवरी। स्थानीय बस स्टैंड के सामने स्वतंत्रता सेनानी स्व. चौधरी साहब राम मार्केट स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित हुए। यह कार्यक्रम कांग्रेस के प्रदेश डेलीगेट अमरजीत सिंह द्वारा आयोजित किया गया था। 


डॉ. केवी सिंह ने कहा कि अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूरे देश में प्यार बांटने का काम किया। उन्होंने नफरत भरे वातावरण से देश को निकालने की कोशिश की और इसमें काफी हद तक सफल भी हुए। डॉ. सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की एकजुटता, संप्रभुता, अखंडता और शांति के लिए बलिदान दिए हैं। 


उन्होंने कहा कि स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के बलिदान को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि आज देश के समक्ष अनेक समस्याएं मुंह बाए खड़ी हैं। जहां एक तरफ भयंकर महंगाई का दौर है वहीं बेरोजगारी ने लोगों को परेशान कर रखा है। युवा नशे और अपराध की तरफ उन्मुख हो रहे हैं। ऐसे में जनता कांग्रेस की तरफ देख रही है। आने वाले समय में देश और प्रदेश में कांग्रेस का शासन लौटेगा और लोगों को आराम की जिंदगी जीने को मिलेगी। डॉ. केवी सिंह ने लोगों का आह्वान किया कि वे कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ें और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए कांग्रेस को मजबूत करें।