किसान की बेटी की शादी में पहुंचे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह सोनीपत के गोहाना में एक किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे। ये वही किसान संजय हैं, जिनके खेत में राहुल ने तीन साल पहले ट्रैक्टर चलाया था। साथ ही धान रोपाई की थी।
सुबह करीब सवा जैसे ही राहुल अपनी कार से उतरे उनके हाथ से मोबाइल गिर गया। तब राहुल ने झुककर उसे उठाया। रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा समेत कई नेता और मेजबान घराती बुके लेकर स्वागत के लिए खड़े थे।
राहुल का हरियाणवी पगड़ी पहना कर स्वागत किया गया। जब राहुल शादी वाले घर में जाने लगे तो दरवाजे पर खड़े युवकों ने जोर से कहा-राहुल भाई राम-राम। राहुल हाथ जोड़कर मुस्कराए और आगे बढ़ गए। राहुल करीब एक घंटे तक शादी वाले घर में रुके। इस दौरान दूध के साथ चूरमा खाया। महिलाओं के गीत सुने।
राहुल ने हमारे साथ शादी के कल्चर को लेकर बातें कीं। राहुल ने पूछा यहां शादी में क्या-क्या रस्में होती हैं। जैसे हरियाणवी पुरुष पारंपरिक तौर पर धोती-कुर्ता पहनते हैं तो महिलाएं क्या पहनती हैं। कीर्ति ने बताया कि राहुल ने चूरमा खाया और एक गिलास दूध पीया। यह चूरमा संजय की पत्नी सुनीता देवी ने बनाया था।
राहुल घरातियों के बीच बैठे, गीत भी सुने: शादी वाले घर में राहुल जमीन पर बिछे गद्दों पर घरातियों के बीच बैठे। इस दौरान बगल में बैठी महिलाएं शादी के मंगल गीत गाती रहीं और राहुल बीच-बीच में गीतों व रस्मों के बारे में पूछते रहे। इसी बीच उन्हें दूध व चूरमा परोसा गया।
बालूसाही को देखकर पूछा ये क्या है: संजय के घर के सामने ही उनके बड़े भाई का घर है। वहां खाने का इंतजाम किया गया था। यहां मिठाइयों के साथ बालूसाही भी परोसी गई। जिसे देखकर राहुल ने पूछा ये क्या है। तब उन्हें बताया गया कि हरियाणा की शादियों में मीठे में बालूसाही परोसी जाती है।
उम्मीद नहीं थी राहुल आएंगे
किसान संजय 25 फरवरी को बड़े भाई और गांव के सरपंच के साथ दिल्ली में राहुल गांधी को शादी का न्योता देकर आए थे। भांजी कीर्ति जाखड़ बोलीं- हमें उम्मीद नहीं थी कि राहुल गांधी आएंगे। अचानक उनके आने का कार्यक्रम पता चला। उस वक्त हम शगुन के गीत गा रहीं थी। सारे मेहमान राहुल को देखकर खुश हो गए। राहुल का पूरा मान-सम्मान किया और हरियाणवी सम्मान का प्रतीक पगड़ी पहनाई। राहुल ने काफी देर सिर पर पगड़ी रखी।
गिफ्ट में 55 इंच की LED टीवी और शगुन दिया
राहुल गांधी की ओर से एक दिन पहले ही शादी के गिफ्ट के तौर पर 55 इंच की LED टीवी पहुंचाया गया था। मंगलवार को उन्होंने लिफाफे में तुन को शगुन भी दिया। तनु की मम्मी सुनीता ने कहा कि उनके लिए यही बहुत बड़ी बात है कि राहुल हमारे यहां आए।
दीपेंद्र बोले- राहुल गांधी ने अपना वचन निभाया
रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने साधारण किसान की बेटी की शादी में पहुंचकर अपना वचन निभाया है। धनाढ्य लोगों की शादी में तो सभी नेता पहुंच जाते हैं, लेकिन एक साधारण किसान के घर पहुंचकर राहुल ने अपनी सोच दिखाई है।
आधा एकड़ जमीन के मालिक हैं संजय
जिस किसान संजय के घर पहुंचे वह सीमांत किसान हैं। सांसद दीपेंद्र ने बताया कि संजय भाई सिर्फ आधा एकड़ जमीन के मालिक हैं।

