Pal Pal India

नरवाना में 23 मार्च के शहीदी सम्मेलन की तैयारियां मुकम्मल: जसवीर सिंह जस्सा

 बोले, जिलेभर से हजारों की संख्या में लोग करेंगे भागेदारी
 
 नरवाना में 23 मार्च के शहीदी सम्मेलन की तैयारियां मुकम्मल: जसवीर सिंह जस्सा
 सिरसा 21 मार्च इंडियन नेशनल लोकदल के जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि आगामी 23 मार्च को नरवाना की अनाजमंडी में युवा इनेलो के बैनर तले होने वाले शहीदी सम्मेलन की तमाम तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। शनिवार को जारी बयान मेें इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि नरवाना में 23 मार्च को सुबह 11 बजे होने वाले इस शहीदी सम्मेलन में प्रदेशभर से लाखों की संख्या में युवा व अन्य लोग शिरकत करेंगे व देश के शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस शहीदी सम्मेलन में इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला मुख्यातिथि होंगे। वहीं जिला परिषद सिरसा के चेयरमैन कर्ण चौटाला व रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला भी युवाओं को उनके बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। इनेलो जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस शहीदी सम्मेलन के लिए जिलेभर के सभी गांवों, कस्बों व शहरों में संपर्क स्थापित कर इस सम्मेलन का आमंत्रण दिया गया है जिसके चलते हजारों की संख्या में निजी छोटे वाहनों व बसों द्वारा जिलावासी इसमें भाग लेंगे। इनेलो जिलाध्यक्ष जस्सा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अपने शासन के आरंभ होने से पूर्व देशभर में युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने का वायदा किया था जो पूरी तरह से जुमला निकला। इतना ही नहीं प्रदेश भाजपा सरकार ने पीएचडी, एमए स्तर के शिक्षित युवाओं को हरियाणा रोजगार कौशल निगम में महज 18-18 हजार रुपए के वेतनमान पर रोजगार देकर उनकी शिक्षा का मजाक उड़ाया है। इतना ही नहीं उन्हें अब इससे भी वंचित किया जा रहा है, जबकि पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला के शासनकाल में प्रदेशभर में सभी पात्र युवाओं को विभिन्न विभागों में रोजगार देकर उनके जीवनस्तर को सुधारा गया था। इतना ही नहीं उन्हें रोजगार के मामले में ही कांग्रेस के षड्यंत्र के तहत दस साल जेल भी काटनी पड़ी। इनेलो जिलाध्यक्ष ने कहा कि इनेलो के भविष्य में सत्तासीन होने पर प्रदेशभर के सभी युवाओं को उनकी पात्रता के मुताबिक ही नौकरियां दी जाएंगी तथा वंचित रहने वाले युवाओं को 21 हजार रुपए प्रतिमाह रोजगार भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस शहीदी सम्मेलन के आयोजन को लेकर प्रदेशवासियों में खासा उत्साह पाया जा रहा है।