Pal Pal India

प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संस्कृति और संस्कार का संरक्षण किया है: नायब सैनी

 
  प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संस्कृति और संस्कार का संरक्षण किया है: नायब सैनी
पलवल, 17 अप्रैल  फरीदाबाद लोकसभा उम्मीदवार कृष्ण पाल गुर्जर के समर्थन में बुधवार को पलवल में विधायक दीपक मंगला ने विजय संकल्प रैली आयोजित की। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का बखान करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
उन्होंने प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा आम, गरीब, मजदूर, पिछड़े और किसान और महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्यों व योजनाओं का विस्तार से वर्णन किया। सीएम नायब सिंह सैनी भाजपा उम्मीदवार कृष्ण पाल गुर्जर के समर्थन में वोट मांगने आए उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा पलवल की जनता का उमड़ा हुआ जनसैलाब गवाही दे रहा है कि पलवल की जनता मोदी जी की गारंटी पर विश्वास करती है और माननीय मोदी जी के नेतृत्व में वर्तमान सांसद कृष्ण पाल गुर्जर को तीसरी बार संसद बनाकर मोदी जी की सरकार में फरीदाबाद की हिस्सेदारी कायम रखेगी।
उन्होंने कहा की मोदी जी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं, सबसे ताकतवर नेता है, तो वह सिर्फ आपकी वोट की बदौलत है। मोदी जी गरीबों के नेता है अंत्योदय की भावना से उन्होंने पिछले 10 साल में आम जनमानस में सरकार के प्रति विश्वास जगाया है। देश की जनता इस बार नरेंद्र मोदी को 400 पार सीटें देने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संस्कृति और संस्कार का संरक्षण किया है। पिछली सरकारों के दौरान संस्कृति और संस्कार विलुप्त हो रहे थे। आज हमें अपनी संस्कृति पर गौरव महसूस हो रहा है।
नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल देश पर शासन किया, लेकिन लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने से वंचित रखा। कांग्रेस के समय गैस का सिलेंडर लेने के लिए भी तीन-तीन दिनों तक लाइनों में खड़ा रहना पड़ता था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों को निशुल्क गैस सिलेंडर दिया, हर घर नल से जल देकर महिलाओं का जीवन सरल बनाया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा,विधायक जगदीश नायर, विधायक प्रवीण डागर, विधायक नयनपाल रावत, जिला अध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया,राष्ट्रीय युवा सचिव गौरव गौतम, फरीदाबाद लोकसभा संयोजक अजय गॉड, जिला महामंत्री वीरपाल दीक्षित, मेहरचंद गहलोत डॉ हरेंद्र पाल राणा, महेंद्र भड़ाना,एलडी वर्मा, जगमोहन गोयल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।