Pal Pal India

पीएम मोदी और बीजेपी ने लोकतंत्र को खत्म करने की ठानी: डॉ सुशील गुप्ता

 
पीएम मोदी और बीजेपी ने लोकतंत्र को खत्म करने की ठानी: डॉ सुशील गुप्ता 

 कुरुक्षेत्र, 30 मार्च।  आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने शनिवार को थानेसर विधानसभा के गांव एवं वार्ड में चुनावी यात्रा शुरू की। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा मौजूद रहे। इस दौरान जजपा के प्रदेश महासचिव विक्रम अहलावत, डॉ. दिलबाग सिंह, धर्मबीर मलिक, बलदेव सिंह जजपा छोडक़र अपने सैकडों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर सुमित हिंदुस्तानी, विशाल खुब्बर, हेडमास्टर अमर सिंह, निर्मल सिंह, चंद्रभान वाल्मीकि, मेहर सिंह, सतीश, शैंकी, सुभाष और पुरन सिंह मौजुद रहे। उन्होंने अपनी चुनावी यात्रा गांव खेड़ी ब्राह्मण से शुरू की। इसके बाद वे गांवआलमपुर में लोगों से मिले। वहां से सुनेहेड़ी में ग्रामीणों से रूबरू हुए। इसके बाद सलारपुर गांव में पहुंचे। यहां से गांव ईसाकपुर, बीड अमीन, तिगरी, कंवारखेड़ी, किरमच, गांव हथीरा, झिंझरपुर, घराडसी, पिंडारसी और गांव बारना में लोगों को संबोधित किया और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों और महिलाओं का आशीर्वाद लिया और इंडिया गठबंधन को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। यात्रा का समापन देर शाम थानेसर के चनार थल कॉलोनी में हुआ।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का कुरुक्षेत्र से एक डरा हुआ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है। बीजेपी को कोई प्रत्याशी नहीं मिला तो नवीन जिंदल को ईडी का डर दिखा कर उम्मीदवार बना दिया। जिस व्यक्ति को खुद बीजेपी ने कुरूक्षेत्र की धरती पर कोयला चोर कहा, उसे ही कुरुक्षेत्र से बीजेपी का प्रत्याशी बना दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी आवाज नहीं उठा सकता वो कुरुक्षेत्र की जनता की आवाज क्या उठाएगा। आज कुरुक्षेत्र की जनता को मजबूर उम्मीदवार नहीं मजबूत उम्मीदवार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि देश का प्रधानमंत्री झूठ बोल तो जनता किस पर विश्वास करे। ये वही प्रधानमंत्री मोदी है जिसने हर खाते में 15 लाख रुपए, किसानों को एमएसपी देने का वादा किया था और 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के सभी वादे जुमला निकले। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाह सरकार किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े रही है और किसानों पर गोलियां चला रही है। पीएम मोदी ने किसानों से एमएसपी का वादा किया था और बाद में पलट गए। पूरी दुनिया ने देखा कि किसान सवा साल बॉर्डर पर बैठे, जहां 750 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी। तब पीएम मोदी ने माफी मांग कर वो कृषि कानून वापस लिए थे। अब वो वादा याद दिलाने के लिए किसान जाना चाहते हैं तो हरियाणा सरकार किसानों को रोक रही है। उन्होंने कहा कि आज तक प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों की शहादत पर एक शोक प्रस्ताव भी पास नहीं किया। इससे पता लगता है कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है।
कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि भाजपा ने उस व्यक्ति नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया है। उनको हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी दी है, जो अपनी पत्नी को जिला परिषद का चुनाव नहीं जीता पाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दिल्ली में डॉ. साहब सिंह को हटाकर तीन महीने के लिए सुषमा स्वराज को मुख्यमंत्री बनाया था और वो आखिरी मुख्यमंत्री साबित हुई थी। उसके बाद 25 साल हो गए दिल्ली में भाजपा का राज नहीं आया। ऐसा ही हाल भाजपा का हरियाणा में होने वाला है। कुरुक्षेत्र लोकसभा के जिस गांव में भी हम जा रहे हैं हमें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है और हर व्यक्ति बदलाव के लिए वोट करने के लिए तैयार हैं।