Pal Pal India

नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगी जनता: नायब सिंह सैनी

 करनाल में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
 
  नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगी जनता: नायब सिंह सैनी
करनाल 30 अप्रैल  प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं करनाल विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 10 सालों में हमारा देश बहुत शक्तिशाली हुआ है। शक्तिशाली होने पर देश समर्थ होता है, समर्थ होने से समृद्धि आने लगती है। यह समृद्धि ही है कि भारत आज दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे और भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। इसका मतलब हर नागरिक के जीवन में परिवर्तन होगा, प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी। हरियाणा की सभी 10 सीटों पर कमल खिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोहर लाल को भारी मतों से जिताने का काम करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सिंह सैनी ने मंगलवार को करनाल में आयोजित कई कार्यक्रमों में शिरकत की। नायब सिंह सैनी आईटीआई चौक स्थित अमृतधारा अस्पताल में शहर के डाक्टरों के साथ चर्चा की। इसके बाद सेक्टर-13 में संदीप गुप्ता, नेहरू पैलेस मार्किट में व्यापार मंडल के प्रधान कृष्ण लाल तनेजा व कपड़ा मार्किट के प्रधान योगेश भुगड़ा द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भी शिरकत की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मनोहर लाल ने हरियाणा में जिस तरह से विकास की गंगा बहाई है, उससे तस्वीर साफ है कि हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी विजय हासिल करके देश की सबसे बड़ी पंचायत में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। तीसरी बार जन-जन के प्रिय नेता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के अनेकों प्रोजेक्ट पर हरियाणा में काम हुआ है। भाजपा की सरकार ने जनता की हर उस कठिनाई को दूर करने का प्रयास किया है, जो पिछली सरकारें के समय में वर्षों से लंबित थी।
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि भारत देश को आगे बढ़ाने के लिए नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। इसके लिए प्रदेश की जनता सभी 10 सीटें नरेंद्र मोदी की झोली में डालने का काम करेगी। मनोहर लाल करनाल लोकसभा से प्रचंड मतों से विजयी होकर लोकसभा में जाएंगे। करनाल के विकास को गति देने के लिए उप चुनाव में भी जनता कमल खिलाएगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया कोर्डिनेटर जगमोहन आनंद, संजय बठला, निवर्तमान मेयर रेनू बाला गुप्ता, शशिपाल मेहता, कृष्ण लाल तनेजा, अमित खुराना, अजीत चावला, अशोक अरोड़ा, कृष्ण गर्ग, नीरज उप्पल, भगावन दास अग्घी, रवि चानना सहित अन्य मौजूद रहे।