Pal Pal India

इनेलो को भाजपा के विकल्प के रूप में देखती है जनता: जस्सा

पल पल के संपादक सुरेंद्र भाटिया से की खास बातचीत 
 
इनेलो को भाजपा के विकल्प के रूप में देखती है जनता: जस्सा 
सिरसा, 14 मई। इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जसबीर सिंह जस्सा ने कहा कि इनेलो की परिवर्तन पदयात्रा को भरपूर समर्थन मिल रहा है और जनता इनेलो को भाजपा के विकल्प के रूप में देख रही है। 
जसबीर सिंह जस्सा पल पल के संपादक सुरेंद्र भाटिया के साथ विशेष बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की हालत आज यह है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भी उनके कार्यकर्ता शामिल नहीं हो रहे। जिन पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने श्रम से भाजपा संगठन को खड़ा किया था, उन्हीं को तवज्जो नहीं दी जा रही। 
सबका साथ सबका विकास के मुद्दे पर जस्सा ने कहा कि जमीन विकास तो कहीं दिखाई नहीं देता। सरकार के अधिकारियों का जरूर विकास हुआ है। किसी भी व्यक्ति का बिना पैसे दिए काम नहीं किया जाता। कर्नाटक के परिणामों का हरियाणा में कांग्रेस को प्रभाव पडऩे को जस्सा सिरे से नकार गए। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में मुकाबला कांग्रेस वर्सेज भाजपा था लेकिन हरियाणा में ऐसी स्थिति नहीं है। भाजपा का राष्ट्रीय स्तर पर विरोध है। निश्चित तौर पर हरियाणा में इनेलो ही विकल्प है। 
उल्लेखनीय है कि जसबीर जस्सा प्रदेश में इनेलो द्वारा चलाई जा रही परिवर्तन पदयात्रा में कई बार शरीक हो चुके हैं और पदयात्रा कर रहे इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला से बातचीत कर चुके हैं। पदयात्रा के हरियाणा की जनता में असर को वे बारीकी से समझ सकते हैं। 
उनका कहना है कि प्रदेश में चल रही परिवर्तन पदयात्रा में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। उनकी बातों को तवज्जो दे रहे हैं और इस बात से आश्वस्त कर रहे हैं कि वे पूरी तरह से इनेलो की नीतियों और चौ. देवीलाल व चौ. ओमप्रकाश चौटाला के संघर्ष को निष्ठापूर्वक पुष्प चढ़ाएंगे। जनता इस बात का इंतजार कर रही है कि कब चुनाव हों और कब वे इस सरकार से छुटकारा पाएं।