Pal Pal India

भाजपा नेताओं का विरोध करके जनता जता रही भाजपा के प्रति रोष: लाल बहादुर खोवाल

 भाजपा की रैली से भीड़ गायब, जनता दिखा रही आइना
 
  भाजपा नेताओं का विरोध करके जनता जता रही भाजपा के प्रति रोष: लाल बहादुर खोवाल
हिसार, 11 अप्रैल  हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट ने कहा कि चुनावों की घोषणा होने के साथ ही भाजपा की सच्चाई सामने आने लगी है। विभिन्न स्थानों पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का विरोध करते जनता भाजपा के प्रति रोष दर्शा रही है। यह बात उन्होंने गुरुवार को जारी बयान में कही।
एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने गुरुवार को कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के प्रति जनता इतनी अधिक आक्रोषित है कि लोग भाजपा नेताओं को गांवों तक में नहीं घुसने दे रही। भाजपा की रैली में भी नाममात्र के लोग दिखाई देते हैं और अधिकतर कुर्सियां खाली पड़ी रहती हैं। उन्होंने कहा कि लोक लुभावन वादे करके और जनता को भ्रमित करके भाजपा दो बार लोकसभा चुनाव जीत चुकी है। अब जनता की आंखें खुल चुकी हैं और भाजपा की सच्चाई से लोग वाकिफ हो चुके हैं। इसलिए अब जनता इनके झूठे वादों व बड़े-बड़े दावों से भ्रमित होने वाली नहीं है। पूरे देश को पता है कि किस तरह से भाजपा सरकार ने किसानों को प्रताड़ित किया है। इसी भांति मजदूर, गरीब, पिछड़ा वर्ग, व्यापारी व नौकरीपेशा सहित हर वर्ग विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहा है।
लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर रैली व जनसभाओं में बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन जनता अब इन्हें आइना दिखा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा सरकारी मशीनरी व जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया है। ईडी व सीबीआई को ढाल बनाकर विपक्षी पार्टी के नेताओं पर दबाव बनाया गया है। इतना ही नहीं कई नेताओं को जेल भेजकर उनकी छवि खराब की जा रही है।