Pal Pal India

पंचकूला मेयर चुनाव: कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज के नामांकन में दिखाई ताकत, बड़े नेताओं की मौजूदगी में भाजपा पर तीखा हमला

 
 पंचकूला मेयर चुनाव: कांग्रेस ने सुधा भारद्वाज के नामांकन में दिखाई ताकत, बड़े नेताओं की मौजूदगी में भाजपा पर तीखा हमला
 पंचकूला, 23 अप्रैल। 

पंचकूला नगर निगम के आगामी मेयर चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने अपने मेयर प्रत्याशी श्रीमती सुधा भारद्वाज के नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन करते हुए एकजुटता का बड़ा संदेश दिया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बना दिया। नामांकन कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक एवं पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्रोई, विधायक अकरम खान, चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी, पंचकुला जिला अध्यक्ष संजय चौहान, अंबाला कैंट जिला अध्यक्ष परमिंदर सिंह परी, यमुनानगर ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरपाल गुर्जर, यमुनानगर शहरी जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने सुधा भारद्वाज को समर्थन और आशीर्वाद प्रदान किया। 

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचकूला नगर निगम भ्रष्टाचार का केंद्र बन चुका है और भाजपा का तथाकथित डबल इंजन अब डबल भ्रष्टाचार का प्रतीक बन गया है। कांग्रेस नेताओं ने विशेष रूप से 159 करोड़ रुपये के कथित नगर निगम घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह घोटाला जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट का उदाहरण है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इतनी बड़ी राशि सरकार की जानकारी के बिना निकाली जा सकती है। उनका दावा था कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो, तो घोटाले की राशि 500 करोड़ से 1000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है और इसकी जांच की आंच उच्च स्तर तक जाएगी। सभा को संबोधित करते हुए सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि सुधा भारद्वाज एक मजबूत और जमीनी उम्मीदवार हैं, जिन्हें स्थानीय जनता अच्छी तरह पहचानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की मांग पर ही उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठ और भ्रम फैलाने के दिन अब खत्म हो चुके हैं। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा केवल दिखावे की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस वास्तविक रूप से महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर देती है। 

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने ही मेयर और अधिकांश पार्षदों के टिकट काटकर यह स्वीकार कर लिया है कि नगर निगम में भ्रष्टाचार हुआ है, लेकिन असली दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस ने पंचकूला के मतदाताओं से अपील की कि वे साफ-सुथरी और ईमानदार राजनीति के लिए कांग्रेस का समर्थन करें और भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट करें।