Pal Pal India

भगवान श्री कृष्ण महिला शिक्षण महाविद्यालय में भाषा खेलों का आयोजन

 
भगवान श्री कृष्ण महिला शिक्षण महाविद्यालय में  भाषा खेलों का आयोजन 

डबवाली, 10 मई। कॉलोनी रोड स्थित भगवान श्री कृष्ण महिला शिक्षण महाविद्यालय में साहित्य क्लब की प्रभारी डॉ सुमन छाबड़ा के निर्देशन में भाषा खेलों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डॉ सुमन छाबड़ा ने बताया कि इस प्रकार के खेलों के आयोजन से छात्राओं में भिन्न भाषाओं के शुद्ध रूप को प्रयोग करने की क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। सर्वप्रथम भाषा का अध्ययन करने वाली छात्राओं में से 10 प्रतिभागियों ने "शब्द पहचान" भाषा खेल में भाग लिया। जिसके अंत में यह निष्कर्ष निकाला गया कि भाषा अधिगम के लिए श्रवण कौशल का विकास सबसे ज्यादा अहम भूमिका निभाता है। श्रवण कौशल की कमी के कारण हमारे वाचन, लेखन और पठन सभी कौशल प्रभावित हो सकते हैं।

इसके बाद  "भाषा तैयारी" नामक भाषा खेल खेला गया जिसमें दो ग्रुप बना दिए गए। इस खेल में एक दूसरे द्वारा  बताए गए शब्दों के अंतिम अक्षर से नया शब्द बनाना था। इस प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने बहुत उत्साह से भाग लिया परंतु हिंदी भाषा के खेल में अंग्रेजी भाषा के शब्दों के प्रयोग से एक टीम के हारने की स्थिति भी बनी। इस प्रकार छात्राओं ने अनुभव किया कि आज हम किसी भी भाषा का प्रयोग शुद्ध रूप में करने में बहुत असमर्थ हो चुके हैं, जिसके लिए हमें मिलकर प्रयास करना है। इस प्रकार के प्रयासों से  हिंदी,पंजाबी और अंग्रेजी या अन्य किसी भी भाषा का शुद्ध रूप पढ़ सकेंगे और आने वाले समय में स्कूलों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को भी उनकी उचित जानकारी दे सकेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय में डॉ कमलेश यादव, सिमता सेतिया, अंजू बाला, सरोज बाला, ममता गर्ग रुचि गोयल, संजीव गर्ग, अनुषा और बबीता सहित सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।