Pal Pal India

बसपा ही दे सकती हैं महिलाओं को सम्मान: रोहित गर्वा

बसपा प्रदेश सचिव ने किया धरने पर बैठी आशा वर्करों का समर्थन 
 
बसपा ही दे सकती हैं महिलाओं को सम्मान: रोहित गर्वा 
सिरसा, 13 सितंबर। बहुजन समाज पार्टी द्वारा लघु सचिवालय पर बैठी आशा वर्करों को समर्थन दिया। धरनास्थल पर पहुंचे रोहित गर्वा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में जिन महिलाओं ने अपना योगदान दिया, उनके संघर्ष को सलाम और वर्तमान समय में जो महिलाएं समाज उत्थान के लिए काम कर रही हैं, उनके संघर्ष को हमें हमेशा याद रखना चाहिए। 
गर्वा ने कहा कि हमें महिलाओं के सम्मान में इनके संघर्ष को कभी नहीं भूलना चाहिए। परंतु हरियाणा में सरकार द्वारा महिलाओं की आवाज को दबाया जा रहा है, जो सरासर गलत है। वो चाहे खिलाड़ी महिलाएं हो, रोजगार की मांग पर बैठी बेरोजगार महिलाएं हो, शिक्षिका हो। आज प्रदेश में आशा वर्करों ने अपने वेतनमान की बढ़ोतरी को लेकर पिछले 36 दिनों से धरना दिया हुआ है, लेकिन सरकार द्वारा आशा वर्करों की आवाज को दबाया जा रहा है। 
उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में चल रही सरकार का बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ का नारा सफेद झूठ है। देश के मान-सम्मान में हमेशा अपनी कुर्बानी दे चुकी महिलाएं देश की आन-बान-शान है। आज अपनी मांगों को लेकर अगर महिलाएं सडक़ों पर है तो हमें मान लेना चाहिए कि देश व प्रदेश की बागडोर गलत लोगों के हाथ में जा रही है। प्रदेश की सत्ता में बैठे लोगों को सत्ता का घमंड हो चुका है। इसी घमंड के चलते बार-बार गलत ब्यानबाजी कर रहे हैं। रोजगार मांगने पर मुख्यमंत्री कहते हैं कि अबकी बार चंद्रयान में आपको भी चंद्रमा पर भेज देंगे। ऐसी ब्यानबाजी बौखलाहट नहीं तो क्या है। इसलिए मिलकर सत्ता परिवर्तन करें। 
इस अवसर पर बसपा जिलाध्यक्ष भूषण बरोड़, बसपा सिरसा विधानसभा अध्यक्ष बंसीलाल दहिया, जिला कोषाध्यक्ष विजय जलोवा, रामकुमार बेगू, जिला महासचिव कार्तिक मेहरा, प्रदीप धारीवाल, जिला सचिव बुल्लेशाह, राजपाल कुमथला, विक्की परोचा, रोकी, रोहतास मैहरा, बिंदर सिंह, रोबिन कुत्ताबढ़, हीरा सिंह, बसपा नेता रामधन चौटाला उपस्थित थे।