Pal Pal India

अब तिरंगा रोशनी से जगमगाएंगी फरीदाबाद की सड़कें: गुर्जर

 
अब तिरंगा रोशनी से जगमगाएंगी फरीदाबाद की सड़कें:गुर्जर
फरीदाबाद, 8 मई। अब फरीदाबाद की सड़के तिरंगा रोशनी से जगमगाएंगी। भारत सरकार के भारी उद्योग एवं ऊर्जा विभाग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मंगलवार देर रात बड़खल चौक स्मार्ट सिटी की स्मार्ट रोड पर 17 लाख की लागत से बनी तिरंगा लेजर लाइट का शुभारम्भ किया।

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। बड़खल चौक स्मार्ट सिटी के स्मार्ट रोड पर तिरंगा लेजर लाइट का शुभारंभ किया गया है। जब आप इस रोड पर चलेंगे तो आप को तिरंगा नजर आएगा। बड़खल चौक से बाईपास रोड तक लेजर लाइट तिरंगे के रूप में नजर आएगी। इस रोड का नाम भी तिरंगा रोड रखा गया है।

उन्होंने कहा कि लोगों में देश भक्ति की भावना को जागृत करने के लिए तिरंगा लेजर लाइट का आज शुभारंभ किया गया है। आगरा कैनाल, लड़कियों के स्कूल और कॉलेज, स्किल यूनिवर्सिटी व हाईवे इन सब के विकास कार्य बहुत तेजी से हो रहे हैं। फरीदाबाद की सुंदरता को बढ़ाया जा रहा है। सारे देश में जितनी भी स्मार्ट सिटी हैं, सबमें तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं।