Pal Pal India

निशान सिंह आज कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल

 
निशान सिंह आज कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल 
  टोहाना, 28 अप्रैल टोहाना से पूर्व विधायक निशान सिंह ने अभी कुछ दिनों पहले ही भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पद से अपने त्यागपत्र दे दिया था। उसके बाद टोहाना हलके में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं हर राजनैतिक सोच वाला व्यक्ति अपने अपने स्तर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहा है। विदित रहे भाजपा के सरकार में हिस्सेदार रही जेजेपी से लगभग सभी विधायकों व पदाधिकारियों ने किनारा कर लिया है अब हर विधायक व पदाधिकारी अपने राजनैतिक अस्तित्व को बचाने के लिए अपने स्तर पर जुगाड़ बैठाने में लगा हुआ है। सरदार निशान सिंह उनमें से एक है तथा टोहाना हल्के से पूर्व में इनेलो से सन 2000 में विधायक भी रह चुके हैं। किसी समय टोहाना हलके में निशान सिंह का अपना एक विशेष राजनैतिक रूतबा हुआ करता परंतु धीरे-धीरे परिस्थितियों अनुसार उनके राजनीतिक सफर में उतार चढाव आते रहे। इनेलो के विभाजन के बाद जेजेपी का गठन हुआ तथा निशान सिंह को नवगठित जन नायक जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया जिससे उनके राजनैतिक हैसियत में चार चांद लग गए क्यों कि गत चुनावों में जेजेपी को भाजपा हरियाणा सरकार में हिस्सेदारी मिल गई थी। हरियाणा सरकार की भाजपा सरकार ने अचानक जेजेपी को झटका दिया और तभी से जेजेपी वेंटिलेटर पर आ गई। अब सभी विधायकों के जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह को भी अपने राजनैतिक भविष्य की चिंता सताने लगी। अब सुनने में यह आया है कि 29 अप्रैल को पूर्व विधायक निशान सिंह घर वापसी की घोषणा कर सकते हैं। निशान सिंह ने अपने राजनैतिक सफर की शुरूआत कांग्रेस पार्टी से ही की थी। अब देखने की बात यह है कि अब कांग्रेस पार्टी में वे अपने आप को कहा सेट करने में कामयाब होते हैं।