Pal Pal India

नौ दिग्गज हस्तियां 'भिवानी गौरव अवार्ड-2025' से सम्मानित

 सांसद धर्मवीर ने बंसी लाल व बीडी गुप्ता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की
 
 नौ दिग्गज हस्तियां 'भिवानी गौरव अवार्ड-2025' से सम्मानित
 भिवानी 08 दिसंबर भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से लगातार तीन बार चुनाव जीतने वाले सांसद धर्मवीर सिंह, दुश्मन देश के लिए दहशत व  आतंकवादियों के लिए काल बनने वाले कीर्ति चक्र विजेता कर्नल जोगिंदर सिंह, शिक्षाविद् 

डॉ एस के सिन्हा समेत विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाली नौ हस्तियों को आज भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) ने एक भव्य समारोह में प्रतिष्ठित 'भिवानी गौरव अवार्ड-2025' से सम्मानित किया गया। 
उत्तर भारत की प्रमुख सामाजिक संस्था 
बीपीएमएस ने कार्यक्रम का आयोजन रोहिणी (सेक्टर 25), दिल्ली स्थित 
इस्कॉन मंदिर के ऑडिटोरियम में किया।
बीपीएमएस के अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय कवि राजेश चेतन ने बताया कि इस कार्यक्रम में जिला लोक संपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंगला, साहित्यकार डॉ अशोक कुमार मंगलेश, राज कुमार
मक्कड़, मनीष शर्मा, विख्यात रंगकर्मी कौशल भारद्वाज व शिक्षक 
डॉ चांदनी अग्रवाल को सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय जूना अखाड़े के महंत अशोक गिरि जी महाराज, भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य संदीप जोशी ने ये सम्मान वितरित किए। कार्यक्रम तीन सत्रों में चला। पहला सत्र सेवा मूर्ति सूरजभान बगड़िया को समर्पित था। दूसरा सेशन कुलदीप राज महाजन स्मृति सत्र रहा जबकि तीसरा सत्र लाला रामचंद जैन को समर्पित था। 
सुप्रीम कोर्ट के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश(सीजेआई) सूर्यकांत के भाई और व जाने-माने चिकित्सक डॉ शिवकांत तथा भूतपूर्व मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता के सुपुत्र अजय गुप्ता कार्यक्रम में विशेष अतिथि थे। उन्हें बीपीएमएस की ओर से विशेष सम्मान दिया गया। डॉ शिवकांत भी भिवानी गौरव अवार्डी हैं।
बीपीएमएस अध्यक्ष राजेश चेतन ने प्रोटोकॉल का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी  संस्था के किसी कार्यक्रम में सीजेआई शामिल हों, तो हमारा सौभाग्य होगा।
सम्मान समारोह में सभी विजेताओं ने संक्षिप्त रूप से अपने-अपने विचार रखे व बीपीएमएस के प्रयासों, संकल्पों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में प्रभावशाली मंच संचालन प्रमोद शर्मा ने किया।
 सांसद धर्मवीर ने हरियाणा के भूतपूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल व बनारसी दास गुप्ता के स्पष्टवादिता, जन हितैषी कार्यशैली व दूरदर्शिता की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक योजनाओं को अमल में लाने में इन नेताओं ने कभी अनावश्यक विलम्ब नहीं किया, कभी फिजूलखर्ची नहीं होने दी, हवा-हवाई योजना नहीं बनाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया है  लेकिन हरियाणा में तो हर गांव को बिजली और प्रत्येक गांव को  सड़क से जोड़ कर विकास का शंखनाद 50 साल पहले ही चौधरी बंसीलाल कर चुके थे। लिफ्ट सिंचाई योजना से बंजर क्षेत्रों में हरियाली लाकर दशकों पहले पूरे देश के सामने मिसाल पेश कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि 1977 से पहले हरियाणा ने एक भी पैसा कर्ज नहीं लिया था।

पुरस्कारों का वर्गीकरण इस प्रकार रहा-
 • भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह को लोक प्रशासन एवं ग्राम विकास में योगदान के लिए चौo बंसीलाल सम्मान दिया गया। 
* शिक्षा क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए श्री राम कृष्ण गुप्ता सम्मान बहल के शिक्षाविद् डॉ एस के सिन्हा को मिला। 
•पत्रकारिता क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले भिवानी के जिला लोक संपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंगला को बाबू बनारसी दास गुप्ता सम्मान।
* चरखी दादरी के डॉ अशोक कुमार मंगलेश को साहित्य क्षेत्र का श्री माधव मिश्र सम्मान साहित्य सम्मान। 
* खेल श्रेणी में खास योगदान देने वाले मनीष शर्मा को श्री सुरजीत सिंह 
सम्मान। 
* सेवा क्षेत्र के लिए फकीर चंद सम्मान राज कुमार
मक्कड़ को।
* कला क्षेत्र की जानी-मानी हस्ती कौशल भारद्वाज को पं. गोपाल कृष्ण सम्मान।
* राष्ट्र सेवा के लिए 
पं. नेकी राम शर्मा 
सम्मान कर्नल जोगिंदर सिंह तंवर को।
* नारायणी देवी-महावीर
प्रसाद भग्गनका
ओजस्विनी पुरस्कार के लिए 
डॉ चांदनी अग्रवाल को।