Pal Pal India

अगले 33 दिन बेहद महत्वपूर्ण: दुष्यंत चौटाला

 
जेजेपी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार में जुटने का किया आह्वान
 
 अगले 33 दिन बेहद महत्वपूर्ण: दुष्यंत चौटाला
 सिरसा 22 अप्रैल पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आगामी 33 दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं और यह प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह पार्टी की कल्याणकारी नीतियों को घर घर

पहुंचाकर जननायक जनता पार्टी को सफल बनाए। वे सोमवार को बरनाला रोड स्थित चौटाला हाउस में बतौर मुख्यातिथि पार्टी के तमाम जिला स्तरीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक को संबोधित कर रहे थे। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि घर घर पार्टी का निशान चाबी को पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी को वे हलका व बूथ स्तर पर भी निभाएं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को निष्ठा से चुनाव प्रचार में जुटने को कहा। इससे पूर्व जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने जेजेपी प्रत्याशी रमेश खटक को पार्टी का वफादार साथी बताते हुए कहा कि संसदीय चुनावों में सफलता के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जी जान से मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि प्रचार की स्थिति के दौरान प्रत्येक आमजन जेजेपी प्रत्याशी की तारीफ करते हैं। जिलाध्यक्ष वर्मा ने संसदीय चुनावों में सिरसा को एक ईमानदार प्रत्याशी देने के लिए पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त किया। जेजेपी प्रत्याशी रमेश खटक ने सर्वप्रथम उन्हें सिरसा लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। खटक ने कहा कि वे शीर्ष नेतृत्व के विश्वास पर पहले भी खरे उतरे थे, भविष्य में भी उतरेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेत्री कुमारी सैलजा व भाजपा उम्मीदवार डॉ. अशोक तंवर को सिरसा की जनता पहले आजमा चुकी है और निराश ही हुई है। अब सिरसा संसदीय क्षेत्र की जनता एक नए चेहरे को देख रहे हैं। जेजेपी प्रत्याशी रमेश खटक ने भी उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार में जुटने का आह्वान
किया।