Pal Pal India

नायब सिंह सैनी को डर है कि कहीं पूर्व मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री न कहने पर उनकी कुर्सी न चली जाए: अभय चौटाला

 
 नायब सिंह सैनी को डर है कि कहीं पूर्व मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री न कहने पर उनकी कुर्सी न चली जाए: अभय चौटाला
अंबाला, 23 मार्च। हरियाणा में भाजपा-जजपा का गठबंधन टूटने के बाद नायब सिंह सैनी को बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है। सीएम सैनी कई जगह मंच से संबोधित करते हुए और पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूल गए कि वे खुद अब प्रदेश के मुख्यमंत्री है। नायब सिंह सैनी मंच से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को आदरणीय मुख्यमंत्री करते हुए सुने हैं, जिस पर इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कटाक्ष किया है। चौटाला ने कहा कि नायब सिंह सैनी को डर है कि कहीं पूर्व मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री न कहने पर उनकी कुर्सी न चली जाए। 
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि नायब सिंह सैनी नए चुने गए मुख्यमंत्री हैं। उन्हें खुद को भरोसा नहीं हो रहा कि मैं मुख्यमंत्री बन गया हूं। इससे ज्यादा क्या प्रोटोकॉल टूटेंगे व पद की गरिमा को कम किया जाएगा। शिलान्यास में भूतपूर्व मुख्यमंत्री का नाम ऊपर लिखा जाता है और इनको नीचे रखा जाता है।
चौटाला ने कहा कि भूतपूर्व प्रधानमंत्री हो, भूतपूर्व राष्ट्रपति हो या फिर पार्टी का संयोजक हो, तब तो मान सकते हैं। किस तरह से आज हमारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भूतपूर्व मुख्यमंत्री को आदरणीय मुख्यमंत्री कह कर संबोधित कर रहा है। बता दें कि मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास स्मारक का भूमि पूजन करने के लिए पहुंच थे। उनके साथ पूर्व सीएम मनोहर लाल भी उपस्थित थे। यहां, शिलान्यास पट्ट पर सीएम नायब सिंह सैनी से ऊपर पूर्व सीएम मनोहर लाल का नाम था। वहीं, करनाल में पूर्व सीएम से मुलाकात करने पहुंचे नायब सिंह सैनी पत्रकारों से बातचीत करते हुए भूल गए थे कि वे खुद मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने मनोहर लाल को ही आदरणीय मुख्यमंत्री बताया था।