Pal Pal India

नायब सैनी बने हरियाणा विधानसभा के सदस्य, गुरुवार को लेंगे शपथ​​​​​​​

राज्यपाल ने नायब सिंह के निर्वाचित होने की सूचना विधानसभा को भेजी 
 
  नायब सैनी बने हरियाणा विधानसभा के सदस्य, गुरुवार को लेंगे शपथ​​​​​​​
सरकार के सदन में बहुमत साबित करने पर राज्यपाल लेंगे फैसला: स्पीकर 
चंडीगढ़, 5 जून  हरियाणा की अल्पमत वाली नायब सरकार के सदन में बहुमत साबित करने के मुद्दे पर स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने गेंद राज्यपाल के पाले में डाल दी है। विधानसभा स्पीकर ने कहा है कि इस पर राज्यपाल के निर्देश के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच मुख्यमंत्री नायाब सिंह भी विधानसभा के उपचुनाव में जीत दर्ज कर विधानसभा के सदस्य हो गए हैं। वे गुरुवार को विधानसभा की सदस्यता की शपथ ग्रहण करेगी।
हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने बुधवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी करनाल से विधायक निर्वाचित हो चुके हैं। राज्यपाल की तरफ से आज ही इस संबंध में विधानसभा को पत्र भेजा गया है। स्पीकर ने कहा कि अब राज्यपाल की सूचना के बाद हरियाणा विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या 41 हो गई है। नियमानुसार नायब सैनी को गुरुवार को विधायक पद की शपथ दिलाई जाएगी। हरियाणा सरकार के अल्पमत के मामले के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्षी दल कांग्रेस के एक विधायक के सांसद बनने की जानकारी है। जिसके बाद हरियाणा में कांग्रेस विधायकों की संख्या कम होकर 29 हो गई है।
सदन में सरकार के फ्लोर टेस्ट की संभावनाओं को खारिज करते हुए विधानसभा स्पीकर ने कहा कि सरकार पूरी तरह से स्थिर है। सरकार को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि फ्लोर टेस्ट का निर्णय राज्यपाल लेंगे। राज्यपाल अगर इस तरह का फैसला लेकर विधानसभा को सूचित करते हैं तो विधानसभा में उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।