Pal Pal India

परिवार पहचान पत्र पर भडक़े नवीन जयहिंद

 
 सीएम को बताया कंस, बोले- समस्याओं का समाधान करें तो बनेंगे कृष्ण

रोहतक, 17 मार्च। युवा नेता नवीन जयहिंद ने फेसबुक पर लाइव आकर मुख्यमंत्री को कंस बताते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कंस मामा ये गरीब आदमी नहीं दिखते क्या। धृतराष्ट्र बन गए हो। उन्होंने प्रशासन से कहा कि जिन लोगों को घर चलाना मुश्किल हो रहा है, उनकी तरफ भी ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि राजनेताओं के पास भी लोग चक्कर काटते रहते हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा। नवीन ने कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं होता तो जहर देकर मार दें। लगता है परिवार पहचान पत्र आईडी के नाम पर लोगों को मारने का ठेका दिया हुआ है। लोगों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।


विधानसभा में उठाएं मांग


उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र चल रहा है। ऐसे में सभी विधायक जिन लोगों के राशन कार्ड कटे हैं, उनका समाधान करें। परिवार पहचान पत्र में गलत आय दर्शाकर लाखों लोगों के कार्ड काटे गए। जब पीडि़त सरकार व अधिकारियों के पास जाते हैं, उन्हें केवल धक्के मिलते हैं। ऊपर से कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिलता।


50 हजार से ढाई लाख दर्शाई आय


रोहतक के काठमंडी निवासी रामकुमार जांगड़ा ने बताया कि वे 70 फीसदी दिव्यांग हैं। उनको दिव्यांग पेंशन मिलती थी व उनका पीला कार्ड बना हुआ था। फैमिली आईडी में 50 हजार रुपए आय दर्शाई हुई थी। उन्होंने कहा कि अब नई फैमिली आईडी में इन्हें अमीर बना दिया और ढाई लाख रुपए दिखाए हैं। करीब 3 महीने से अधिकारियों के धक्के खा रहे हैं।


नेताओं की शिक्षा पर उठाए सवाल


नवीन जयहिंद ने कहा कि नेता बार-बार कहते हैं कि नवीन गलत बोलता है, लेकिन उन पर पलटवार करते हुए कहा कि आठवीं व दसवीं पास नेता उन पर जो सवाल उठा रहे हैं, वे पहले लोगों की समस्याओं का समाधान करें। वे खुद पीएचडी पास हैं। सवाल उठाने वाले अपने गिरेबान में झांक लें तो ज्यादा बेहतर होगा।


समस्याओं का समाधान हो जल्द


नवीन जयहिंद ने हाथ जोडक़र मुख्यमंत्री से कहा कि उनके घर के बाहर लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर आते हैं। वे अधिकारी नहीं हैं। इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि वे लोगों की समस्याओं का समाधान कर दें, तो सीएम को भगवान श्री कृष्ण मानेंगे। अगर समाधान नहीं हुआ तो कंस बने रहेंगे।