चिकित्सा अधिकारियों ने की पेन डाउन स्ट्राइक
सरकार के तानाशाही रवैये को लेकर डॉक्टर हुए एकजुट
Nov 20, 2025, 13:35 IST

सिरसा 20 नवंबर. नागरिक हस्पताल सिरसा व जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रो में सरकार द्वारा क्षेत्र का सेक्स रेशियो कम होने के आधार पर मेडिकल ऑफिसर के निलंबन के विरोध में हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन,हरियाणा जिला सिरसा इकाई द्वारा दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक आयोजित की गई है। इसी कड़ी में आज नागरिक हस्पताल सिरसा के सभी चिकित्सको द्वारा कार्य का पूर्ण बहिष्कार किया गया व आज की हड़ताल की अध्यक्षता कर रहे डॉ. आरके दहिया व डॉ. विपुल गुप्ता ने सभी चिकित्सको को संबोधित करते हुए कहा कि सेक्स रेशो एक गम्भीर सामाजिक - जनसांख्यिकीय संकेतक है जो अनेक कारकों पर निर्भर करता है जैसे सामाजिक सोच, बेटों को वरीयता देने की परंपरा, प्रवासी जनसंख्या का अनुपात, जन्म-मृत्यु का क्षेत्रीय पैटर्न, और कई प्रशासनिक-सामाजिक घटक। ऐसे बहु-कारक मुद्दे का पूरा भार किसी एक डॉक्टर पर डालना न केवल अन्यायपूर्ण है बल्कि अवैज्ञानिक भी है। इसलिए हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन इस मनमाने कदम का कड़ा विरोध करती है और साफ संदेश देती है कि ऐसे तुगलकी फरमान स्वीकार नहीं किए जाएंगे। डॉक्टर समाज की सेवा, पीएनडीटी के सही क्रियान्वयन और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ ’ के उद्देश्य के प्रति सदैव प्रतिबद्ध हैं, परंतु बिना पर्याप्त जाँच और तथ्य के एकल अधिकारी को दंडित करना किसी भी स्तर पर उचित नहीं है। आज की पेन डाउन स्ट्राइक के दौरान नागरिक अस्पताल से डॉ. पवन, डॉ. राजेश चौधरी, डॉ. प्रतीक गोयल,डॉ. राहुल गर्ग डॉ. बबीता गाइनेकोलॉजिस्ट, डॉ. अनीषा, डॉ. गरिमा व माधो सिंघाना से डॉ. नवनीत सरा, रानियाँ से ओम प्रकाश कम्बोज, ऐलनाबाद से डॉ. जगतपाल, डॉ. इंदरजीत, डॉ. वीरेंद्र, चोपटा से डॉ. सिद्धांत आहूजा ,चौटाला से डॉ. गौरव अरोड़ा, डबवाली से डॉ. सुखवंत सिंह, डॉ. सुदीप, डॉ. सुमित जैन, बडागुढ़ा से डॉ. बसमिन्दर अन्य सभी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
आज सभी चिकित्सा अधिकारियों के द्वारा ओपीडी को पूर्ण रूप से बाधित रखा गया। सभी अधिकारियों ने कहा कि हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन एकजुट है और मांग करती है कि सरकार इस निर्णय को वापस ले और वास्तविक कारणों पर आधारित, तर्कपूर्ण नीति अपनाए।

