Pal Pal India

व्यक्ति पर थिनर डाल लगाई आग, शरीर के कई अंग झुलसे

 शराब पीने से रोकने पर विवाद, बाप-बेटे पर आरोप
 
व्यक्ति पर थिनर डाल लगाई आग, शरीर के कई अंग झुलसे 
फरीदाबाद, 5 फरवरी फरीदाबाद में दर्दनाक वारदात सामने आयी है। यहां पर बाप बेटे ने एक बैंक्वेट हॉल के संचालक पर थिनर डालकर आग लगा दी। आग से व्यक्ति का हाथ और चेहरा बुरी तरह से झुलस गया। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मामले में पुलिस को भी शिकायत दी गई है। पीडि़त ने सोमवार को पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी बाप बेटे के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल में दाखिल इम्तियाज ने बताया कि वह मूलरुप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। फिलहाल वह फरीदाबाद में रह रहा है। कुछ महीने पहले ही उसने ग्रीन फील्ड इलाके 19 नंबर गली में गायत्री बैंक्वेट नाम से एक बैंक्वेट हॉल को मालिक पंकज मल्होत्रा से डेढ़ लाख रुपए महीने पर किराए पर लिया था। वह बीती रात खाना खाकर जब अपने बैंक्वेट हॉल पहुंचा तो वहां पर एक खरबंदा नाम का शख्स चौकीदार राजेश और एक अन्य शख्स तीनों शराब पी रहे थे। उन्हें शराब पीते हुए काफी देर हो गई थी। उसने उन्हें वहां से चले जाने के लिए कहा। खरबंदा का बेटा भी मौके पर आ गया और आपस में उनकी गाली गलौज करने लगे।
उसका आरोप है कि इसके बाद खरबंदा के बेटे ने उसके ऊपर थिनर डाल दिया और खरबंदा ने उसके लाइटर जला कर उसे आग लगा दी। इसके चलते वह बुरी तरह जलने लगा। वहां पर मौजूद राजेश और एक अन्य शख्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। तब तक वह काफी हद तक झुलस गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और पुलिस ने उसे बादशाह खान सिविल अस्पताल में पहुंचाया। पीडि़त इम्तियाज के मुताबिक वह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। शादीशुदा है, उसके तीन बच्चे हैं। उसका यहां पर किसी से कोई झगड़ा नहीं था। वह चाहता है कि उस पर जानलेवा हमला करने वाले खरबंदा और उसके बेटे के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करे।